Prayagraj

Prayagraj : पार्क कब्जा केस से आजम का कनेक्शन ! 20 साल बाद खुली फाइल, SIT जांच होगी

महापौर ने सीएम से की थी मुलाकात, जनता दर्शन में भी हुई थी शिकायत, दरियाबाद में पार्क और 20 फीट सड़क की जमीन पर कब्जे का मामला फिर चर्चा में, मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय SIT बनी, राजस्व रिकॉर्ड तलब, जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी

प्रयागराज, 10 अगस्त 2026:

20 साल पुराने मामले की फिर खुली फाइल
प्रयागराज के दरियाबाद इलाके में पार्क की जमीन और उससे लगी 20 फीट चौड़ी सड़क पर कथित कब्जे का करीब 20 साल पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दी है। पूरे मामले में पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खान का नाम भी सामने आया है।

तीन सदस्यीय SIT को सौंपी गई जिम्मेदारी

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार सिंह और डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य को जांच की जिम्मेदारी दी है। SIT पूरे मामले की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपेगी। इसके लिए सदर तहसील और नगर निगम से राजस्व अभिलेख भी मांगे गए हैं।

ये भी पढ़ें:

20 साल पहले छुट्टियों के दिन हुआ था कब्जा

बताया जा रहा है कि यह मामला वर्ष 2006 का है। आरोप है कि उस समय लगातार तीन सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान पार्क की जमीन पर कब्जा किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने उस वक्त अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

चार करोड़ की जमीन पर कब्जे का दावा

स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस जमीन पर कब्जे का आरोप है उसकी मौजूदा कीमत करीब चार करोड़ रुपये है। यह भी दावा किया जा रहा है कि कब्जा करने वाले लोग आजम खान के करीबी थे। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला

हाल के दिनों में महापौर गणेश केशरवानी के साथ स्थानीय निवासी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। उन्होंने पार्क को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि इस पार्क का इस्तेमाल बच्चे खेलने और बुजुर्ग टहलने के लिए करते थे। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में मिली शिकायत के बाद शासन से आए निर्देशों के क्रम में SIT बनाई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  मांगें पूरी न होने पर पंचायत सचिवों का आंदोलन तेज...एडीओ को लौटाए डीएससी-डोंगल

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button