World Lion Day पर योगी की अपील, अखिलेश का पलटवार- इटावा लायन सफारी पर छिड़ी सियासी जंग
मुख्यमंत्री ने शेर संरक्षण को जैव-विविधता और प्रकृति के संतुलन से जोड़ा, सपा मुखिया बोले- हमारे समय में विकसित लायन सफारी को कुशासन से बर्बाद न करें

लखनऊ, 10 अगस्त 2026:
विश्व शेर दिवस (World Lion Day) के मौके पर सोमवार को यूपी की सियासत में भी शेर संरक्षण को लेकर घमासान देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां शेर को शक्ति, शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की वहीं सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इटावा लायन सफारी की स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि विश्व शेर दिवस पर उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार से अपील है कि उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के पहले Lion Breeding Centre के रूप में विकसित की गई इटावा लायन सफारी को ‘कुशासन’ से बर्बाद न किया जाए। उन्होंने पर्यावरणविदों और पशु प्रेमियों से ‘Save Etawah Lion Safari’ की आवाज बुलंद करने की अपील भी की।

अखिलेश ने कहा कि इटावा लायन सफारी केवल पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है अपितु इटावा और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास का भी बड़ा विकल्प है। उन्होंने सफारी की कथित दुर्दशा को लेकर क्षेत्र में चिंता और जनआक्रोश की बात कही।
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने X पर कहा कि शेर संरक्षण केवल एक वन्यजीव प्रजाति की रक्षा तक सीमित नहीं है बल्कि यह समृद्ध जैव-विविधता और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने की समग्र दृष्टि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन के लिए लगातार प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। विश्व शेर दिवस पर दोनों नेताओं के अलग-अलग संदेशों ने इटावा लायन सफारी को लेकर सियासी बहस को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।







