Prayagraj

छात्रा से इश्क कर बैठा कोचिंग संचालक, शादी की जिद लेकर टॉवर पर चढ़ा, ऐसे खत्म हुआ ड्रामा

तीन घंटे तक हाईटेंशन टॉवर पर बैठा रहा युवक, प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा, पुलिस के भरोसे के बाद नीचे उतरा, थाने में दोनों परिवार आमने-सामने हुए, लड़की के परिवार ने किया इंकार

प्रयागराज, 7 जुलाई 2026:

प्रयागराज के मऊआइमा थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक कोचिंग संचालक संस्थान की छात्रा से ही शादी की जिद लेकर बिजली के हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। करीब 40 फीट ऊंचाई पर बैठे युवक को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे तक चले समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। बाद में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई, लेकिन छात्रा के परिवार ने शादी से साफ इंकार कर दिया।

जानकारी के मुताबिक रोजिहत गांव का रहने वाला 24 वर्षीय श्यामबाबू गांव में Coaching Center चलाता है। उसकी कोचिंग में आसपास के गांवों के करीब 80 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इन्हीं में पिलखुवा गांव की 17 वर्षीय इंटर की छात्रा भी पढ़ने आती थी। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

बताया जा रहा है कि युवक ने छात्रा से शादी की इच्छा जताई थी। छात्रा ने परिवार से बात करने की बात कही, लेकिन जब इसकी जानकारी घरवालों तक पहुंची तो करीब एक महीने पहले उन्होंने बेटी का कोचिंग जाना बंद करा दिया। इसके बावजूद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती रही।

करीब 15 दिन पहले युवक के परिवार ने छात्रा के घर जाकर शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन परिजनों ने इसे ठुकरा दिया। मंगलवार सुबह जब छात्रा के भाई ने दोनों को फोन पर बात करते पकड़ लिया तो मामला और बढ़ गया। इसके कुछ देर बाद श्यामबाबू घर से निकला और गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया।

सुबह सात बजे के आसपास राहगीरों ने युवक को टॉवर पर बैठे देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, स्थानीय लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शुरुआत में युवक किसी से बात करने को तैयार नहीं हुआ। काफी देर बाद उसने ऊपर से एक पत्र नीचे फेंका, जिसमें छात्रा से शादी कराने की मांग लिखी थी।
prayagraj-coaching-owner-climbs-high-tension-tower-marriage-protest-mauaima (2)

पुलिस लगातार उसे समझाती रही कि पहले नीचे उतर आए, फिर उसकी बात सुनी जाएगी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक पुलिस के भरोसे पर टॉवर से नीचे उतर आया। इसके बाद उसे सीधे मऊआइमा थाने ले जाया गया।

थाने में दोनों परिवारों को बुलाकर पंचायत भी हुई। यहां छात्रा के परिजनों ने शादी से साफ इंकार कर दिया। परिवार का कहना था कि लड़की अभी नाबालिग है, इसलिए शादी का सवाल ही नहीं उठता। साथ ही दोनों अलग बिरादरी से होने की बात भी सामने आई। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह छात्रा से शादी करना चाहता है और इसी मांग को लेकर टॉवर पर चढ़ा था। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के बाद युवक के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की।

इस घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे। करीब तीन घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े रहे। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button