Sitapur City

अवैध रिश्ते का डर बना कत्ल की वजह… देवर की हत्या कर सास के साथ सो गई महिला

चचेरे देवर के साथ मिलकर रची गई देवर की हत्या की साजिश, राज खुलने के डर से की गई वारदात, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

सीतापुर, 3 अप्रैल 2026:

रेउसा इलाके के खैरहां गांव में युवक की हत्या का मामला महज 48 घंटे में खुल गया। इस वारदात के पीछे घर के ही लोग निकले। पुलिस के मुताबिक, युवक हसीन की हत्या उसकी भाभी रेशमा ने अपने चचेरे देवर रोज अली के साथ मिलकर की थी।

बताया गया कि हसीन को दोनों के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। वह इसका विरोध कर रहा था। आरोपियों को डर था कि कहीं वह यह बात परिवार को न बता दे, इसी वजह से रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

घटना की रात हसीन अपने कमरे में सो रहा था। पास के कमरे में उसकी मां और भाभी थीं, जबकि पिता दरवाजे पर सो रहे थे। देर रात जब पिता बशीर की नींद खुली और वह पंखा लेने अंदर गए तो हसीन खून से लथपथ चारपाई के नीचे पड़ा मिला।

ये भी पढ़ें:

जांच में सामने आया कि रेशमा और रोज अली ने पहले से ही योजना बना ली थी। घर का मुख्य दरवाजा खुला रखा गया ताकि रोज अली आसानी से अंदर आ सके। रात में वह चुपके से घर में घुसा और दोनों ने मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हसीन की हत्या कर दी। वारदात के बाद रेशमा जाकर अपनी सास के पास सो गई, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को बहराइच मार्ग स्थित शेखनपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि हसीन और रोज अली आपस में चचेरे भाई थे और मुंबई में साथ काम करते थे। ईद के मौके पर हसीन घर आया था, इसी दौरान उसे दोनों के रिश्ते की जानकारी मिली थी।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  आगरा : पेंट की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, चपेट में आया एक गोदाम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button