राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 12 अप्रैल 2026:
प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे से पहले देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति व साफ-सफाई की तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने साफ कहा कि सभी इंतजाम तय समय में और बेहतर स्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर रखने, ट्रैफिक को सुचारु ढंग से चलाने और इमरजेंसी सेवाओं को हर समय तैयार रखने को कहा।
सीएम ने जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के काम को कार्यक्रम के मुताबिक पूरा करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री मां डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और कार्यक्रम की कामयाबी की दुआ मांगी।
प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर करीब 6.5 घंटे से घटकर लगभग 2.5 घंटे रह जाएगा। इससे पर्यटन, कारोबार और रोजगार को रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, आईजी राजीव स्वरूप समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






