Business

शेयर बाजार में अप-डाउन जारी… सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान पर टिके

शुरुआती गिरावट के बाद आई खरीदारी से बाजार संभला, ICICI बैंक के नतीजों से बैंकिंग शेयरों में दिखी मजबूती

बिजनेस डेस्क, 20 अप्रैल 2026:

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार ने तेज उतार-चढ़ाव के साथ शुरुआत की। प्री-ओपनिंग में बढ़त दिखाने के बाद बाजार अचानक फिसला, सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा लुढ़क गया और निफ्टी 24,300 के नीचे चला गया।

शुरुआती दबाव में एचडीएफसी बैंक और रिलायंस जैसे बड़े शेयर रहे। कुछ ही देर में माहौल बदला और खरीदारी लौटने लगी। सेंसेक्स 236 अंक तक उछलकर 78,730 के पास पहुंचा, जबकि निफ्टी 24,400 के ऊपर निकल गया। हालांकि ये तेजी ज्यादा देर टिक नहीं पाई और बाद में दोनों सूचकांक हल्की गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।

शुरुआती कारोबार में ट्रेंट और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। ICICI बैंक, एशियन पेंट्स, अदानी पोर्ट्स और एक्सिस बैंक भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और इंफोसिस जैसे शेयरों में कमजोरी दिखी।

ये भी पढ़ें:

ICICI बैंक के तिमाही नतीजों का असर बाजार पर साफ नजर आया। बैंक का मुनाफा मार्च तिमाही में करीब 9 फीसदी बढ़कर 14,755 करोड़ रुपये पहुंचा है। प्रोविजनिंग में भारी कमी से बैंक के शेयरों में करीब 2 फीसदी तक उछाल आया।

ग्लोबल संकेत भी बाजार के लिए सपोर्टिव रहे। एशियाई बाजारों में कोरिया, जापान, चीन और हांगकांग के इंडेक्स बढ़त में कारोबार करते दिखे। वहीं अमेरिकी बाजार भी पिछले सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे। कमोडिटी मार्केट में भी हलचल रही। ब्रेंट क्रूड का दाम बढ़कर 95 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। वहीं विदेशी निवेशकों की तरफ से खरीदारी जारी रही, उन्होंने पिछले सत्र में 683 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। रुपया भी मजबूत हुआ और डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की बढ़त के साथ 92.72 के स्तर पर पहुंच गया।

READ MORE

ये भी पढ़ें  क्या बदल जाएगी फंडिंग की पूरी व्यवस्था? राष्ट्रपति को सौंपी गई अहम रिपोर्ट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button