योगेंद्र मलिक
देहरादून, 25 अप्रैल 2026:
चारधाम यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक और तथ्यहीन कंटेंट के खिलाफ उत्तराखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई इंस्टाग्राम आईडी thecurlypoet के जरिए प्रसारित एक वीडियो के आधार पर की गई। इसमें केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर गलत और भ्रामक दावे किए गए थे।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आए इस वीडियो में आरोप लगाया गया था कि एक वृद्ध श्रद्धालु की तबीयत खराब होने के बावजूद प्रशासन ने कोई मदद नहीं की और वीआईपी प्रोटोकॉल के चलते आम श्रद्धालुओं की अनदेखी की जा रही है। हालांकि प्रशासन ने इन दावों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है।
प्रशासन के अनुसार 22 अप्रैल को गुजरात निवासी एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे केदारनाथ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से शव को गुप्तकाशी भिजवाया।
अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया जिससे आम लोगों में भ्रम फैलाने और प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इसी आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीएम धामी ने इस पूरे मामले पर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि चारधाम यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह, फेक न्यूज या दुष्प्रचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में तत्काल, सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे संदिग्ध कंटेंट की लगातार निगरानी की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






