मुंबई, 2 मई 2026:
मुंबई के अंधेरी (वेस्ट) स्थित वेदा कुनबा थियेटर में अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान (ABSS Theatre Group) के कलाकारों ने गत दिवस हास्य हिंदी नाटक ‘एक अदद बीबी’ का प्रभावशाली मंचन किया। इसने दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया। यह प्रस्तुति सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रही बल्कि एक भावनात्मक और सामाजिक संदेश देने में भी सफल रही।
लखनऊ के रहने वाले प्रख्यात रंगकर्मी राजेंद्र तिवारी द्वारा लिखित और निर्देशित इस नाटक में उनकी सशक्त रचनात्मक दृष्टि और गहराई साफ झलकती है। कार्यक्रम के आयोजक अश्वनी शुक्ला ने बताया कि इस मंचन की सबसे खास बात यह रही कि अधिकांश कलाकारों ने केवल तीन महीने की कठोर और नियमित रिहर्सल के बाद पहली बार मंच पर प्रदर्शन किया। बावजूद इसके उनके अभिनय में आत्मविश्वास और परिपक्वता साफ दिखाई दी।

एक अदद बीबी एक व्यंग्यात्मक हास्य नाटक है जो एक आम व्यक्ति की आदर्श पत्नी की तलाश के बहाने वैवाहिक जीवन की जटिलताओं, अपेक्षाओं और हास्यपूर्ण स्थितियों को बेहद रोचक ढंग से प्रस्तुत करता है। कहानी में रिश्तों की नोक-झोंक, सामाजिक विडंबनाएं और रोजमर्रा की जिंदगी के यथार्थ को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया गया है।
नाटक संदेश देता है कि रिश्तों में पूर्णता नहीं बल्कि समझ, धैर्य और अपनापन ही सबसे अहम होता है। अर्श, प्रिया पचौरी, मोनिका भारती, स्नेहा गुप्ता, मनी कुमार, संदीप मिश्रा, आबिद खान, ध्रुव, अश्वनी कुमार, त्रिलोक, अनिकेत, संजय समल, आर्यन, जेनिश, अल्ताफ, रिकी, कशिश सहित सभी कलाकारों ने अपनी जीवंत अदाकारी से दर्शकों को बांधे रखा। वहीं बैकस्टेज में अंजना तिवारी के नेतृत्व में पूरी टीम ने मंच सज्जा, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था में बेहतरीन समन्वय दिखाया।
चार दशकों से अधिक अनुभव वाले राजेंद्र तिवारी का मार्गदर्शन इस प्रस्तुति की सफलता की रीढ़ साबित हुआ। वर्ष 1990 से वे लगातार नई प्रतिभाओं को तराशते आ रहे हैं। दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।






