National

तमिलनाडु : स्टालिन ने मानी हार, द्रविण का किला ढहाकर भी TVK के विजय ‘नायक’ बनने से चूके

विजय के ड्राइवर के बेटे ने जीती सीट, स्टालिन को टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू से मिली शिकस्त, सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा न मिलने पर भी टीवीके समर्थकों में जश्न

न्यूज डेस्क, 5 मई 2026:

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हार स्वीकार करते हुए साफ कहा कि वह जनता के जनादेश को सिर झुकाकर मानते हैं। इस चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने पहली बार मैदान में उतरकर सबसे बड़ी ताकत के तौर पर उभरते हुए सबको चौंका दिया। इसके बावजूद वो बहुमत से दूर हैं।

इस चुनाव में पूर्व सीएम व सत्तारूढ़ दल डीएमके के मजबूत स्तंभ स्टालिन को बड़ा झटका तब लगा जब वह अपनी पारंपरिक कोलाथुर सीट भी नहीं बचा सके। TVK उम्मीदवार वीएस बाबू ने उन्हें करीबी मुकाबले में हराया। यह पहली बार है जब स्टालिन इस सीट से चुनाव हारे हैं, जिससे बदलते सियासी रुझानों की साफ झलक मिल रही है। अपनी पारंपरिक सीट पर स्टालिन ने हार मिलने के बाद कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में विकास और जनकल्याण के कई काम किए, और उन्होंने उन्हीं कामों के आधार पर जनता से समर्थन मांगा था। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया।

इधर विजय ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से 27,416 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 91,381 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे DMK के एस. इनिगो इरुदयराज को 63,965 वोट मिले। वहीं TVK प्रमुख विजय के ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे आर. सबरिनाथन ने भी चुनाव जीता। उन्होंने TVK के टिकट पर विरुगम्बक्कम सीट से जीत दर्ज की है।

फिलहाल तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। 109 सीटों पर बढ़त के साथ पार्टी सबसे बड़ा दल बनकर उभरा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह नतीजा राज्य में नई राजनीति के उभार का संकेत है, जहां पारंपरिक दलों को अब नई चुनौती मिल रही है।

234 सीटों वाले तमिलनाडु राज्य में दशकों तक राज करने वाली डीएमके दूसरे नंबर पर खिसक गई है। वहीं टीवीके को सरकार बनाने के लिए 118 सीटें चाहिए। अपनी बढ़त से वो बड़ा दल बनकर उभर तो आई मगर अपने मुखिया अभिनेता विजय को नायक बनाने से चूक गई है। ऐसे में अब टीवीके किससे हाथ मिलाती है ये समय ही बताएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button