लखनऊ, 13 मई 2026:
समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में अचानक निधन हो गया। प्रतीक की आकस्मिक मौत की खबर से यादव परिवार के साथ-साथ उनके करीबी और समर्थक भी स्तब्ध हैं। राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले प्रतीक यादव अपनी निजी जिंदगी, लग्जरी लाइफस्टाइल और अपर्णा यादव संग चर्चित प्रेम कहानी को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहे।
प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। दोनों की पहली मुलाकात स्कूल के दिनों में इंटर-स्कूल कार्यक्रमों के दौरान हुई थी। दोनों के कॉमन दोस्तों ने उनकी दोस्ती को गहरा करने में अहम भूमिका निभाई। मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया और दोनों घंटों बातें करने लगे।

दिलचस्प बात यह रही कि शुरुआती दिनों में अपर्णा को यह तक नहीं पता था कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं। वर्ष 2001 में एक दोस्त की बर्थडे पार्टी के दौरान प्रतीक ने अपर्णा से उनकी ई-मेल आईडी मांगी थी। उस दौर में मोबाइल फोन का ज्यादा चलन नहीं था। इसलिए दोनों के बीच ई-मेल के जरिए बातचीत शुरू हुई।
कुछ दिनों बाद जब अपर्णा ने मेल चेक किए तो उनमें प्रतीक के कई संदेश मौजूद थे। इन्हीं मेल्स में प्रतीक ने अपने प्यार का इजहार किया था। इसके बाद दोनों करीब 11 साल तक रिलेशनशिप में रहे और आखिरकार 2011 में सैफई में शाही अंदाज में शादी कर ली।

इस शादी में बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की दो बेटियां हैं। 7 जुलाई 1988 को लखनऊ में जन्मे प्रतीक यादव ने शुरुआती पढ़ाई सिटी मांटेसरी स्कूल से की। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से एमबीए किया।
पिता की राजनीतिक विरासत होने के बावजूद प्रतीक ने राजनीति में आने से दूरी बनाई और रियल एस्टेट व फिटनेस बिजनेस में खुद को स्थापित किया। उन्हें महंगी और लग्जरी गाड़ियों का भी बेहद शौक था। अब उनकी अचानक मौत ने न सिर्फ परिवार बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी कई सवाल छोड़ दिए हैं।






