Business

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी…सेंसेक्स 300 अंक उछला, निफ्टी 23,750 के पार

पेट्रोल-डीजल और सीएनजी महंगे होने के बावजूद निवेशकों का भरोसा बना रहा, शुरुआती कारोबार में बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में खरीदारी दिखी, जबकि रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर पड़ा

बिजनेस डेस्क, 15 मई 2026:

भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ शुरुआत की। हफ्ते के आखिरी दिन शुरुआती कारोबार में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे BSE Sensex 300 अंकों से अधिक चढ़ गया और NIFTY 23,750 के स्तर के पार पहुंच गया।

सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 75,602.80 अंक पर 204.08 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 83.91 अंक मजबूत होकर 23,773.50 पर पहुंच गया। बाजार की शुरुआत भले ही सीमित बढ़त के साथ हुई, लेकिन शुरुआती घंटों में तेजी का दायरा बढ़ता गया।

इस तेजी के बीच रुपये पर दबाव बना रहा। भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले 29 पैसे टूटकर 95.93 पर पहुंच गई। दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और एशियाई बाजारों में कमजोरी का असर भी देखने को मिला, लेकिन घरेलू निवेशकों के उत्साह ने बाजार को संभाले रखा।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर और सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी का फैसला किया है। सरकार चरणबद्ध तरीके से कीमतें बढ़ाकर महंगाई पर अचानक दबाव पड़ने से बचना चाहती है। बाजार जानकारों का मानना है कि इस फैसले का असर आने वाले दिनों में निवेशकों की सोच पर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक गुरुवार को सेंसेक्स में आई 789 अंकों की तेजी के पीछे शॉर्ट कवरिंग बड़ी वजह रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने वित्तीय शेयरों में भारी शॉर्ट पोजीशन ले रखी थी। साथ ही रुपये को मजबूत करने और अर्थव्यवस्था में पूंजी आकर्षित करने के उपायों को लेकर बाजार में चर्चाएं चल रही हैं, जिन पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  Share Market को FII और मजबूत नतीजों का सहारा, शुरुआती कारोबार में Sensex-Nifty में हल्की तेजी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link