महराजगंज, 15 मई 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नौतनवा विधानसभा क्षेत्र को 208 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 79 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट वितरित किए। सीएम ने शिशुओं को गोद मे लेकर अन्नप्राशन भी कराया।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से नौतनवा और आसपास के इलाकों में विकास, भरोसे और जनकल्याण को नई रफ्तार मिलेगी। डेढ़ साल बाद वह फिर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में आए हैं। भारत और नेपालl के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है और इस पूरे इलाके पर देश-दुनिया की नजर रहती है। ऐसे में यहां विकास की रफ्तार लगातार बनी रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रहने के दौरान भी वह इस क्षेत्र में लगातार आते रहे और यहां की समस्याओं को करीब से देखा। उनके मुताबिक 2017 से पहले महराजगंज और नौतनवा क्षेत्र अव्यवस्था, बीमारी और खराब बुनियादी ढांचे से जूझ रहा था। इंसेफेलाइटिस ने बड़ी संख्या में बच्चों की जान ली, किसान परेशान थे और रोजगार की कमी के कारण युवाओं को पलायन करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि अब हालात काफी बदल चुके हैं। इंसेफेलाइटिस पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है और महराजगंज में मेडिकल कॉलेज भी शुरू हो चुका है। पहले नौतनवा से जिला मुख्यालय पहुंचने में करीब दो घंटे लगते थे, जबकि बेहतर सड़कों के बनने के बाद यह सफर अब लगभग एक घंटे में पूरा हो सकेगा।
सीएम योगी ने कहा कि किसानों के लिए रोहिन बैराज का निर्माण कराया गया है, जिससे सिंचाई की सुविधा बढ़ी है और हजारों किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वनटांगिया समुदाय को अब आवास, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं। बीज और सिंचाई के इंतजाम भी पहले से बेहतर हुए हैं।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल तक सीमित रह जाता था, जबकि अब उसी धन से मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी विधानसभा में धार्मिक स्थलों के विकास पर भी काम कराया है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले अराजकता का माहौल था, किसान परेशान रहते थे, बेटियां असुरक्षित थीं और माफिया लोगों की जमीनों पर कब्जा कर लेते थे। डबल इंजन सरकार बनने के बाद स्थिति बदली है और महराजगंज में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। सीएम ने अयोध्या, काशी व मथुरा का जिक्र करते हुए कहा कि अविश्वास करने वालों को जनता ने खुद भुला दिया।






