Lucknow City

पत्नी का कत्ल, शव ट्रॉली बैग में भरकर फेंका… खुद पहुंचा थाने फिर ये हुआ

अफेयर के शक में गला दबाकर हत्या करने का आरोप, ट्रॉली बैग में भरा शव इंदिरा डैम के पास झाड़ियों में फेंक दिया, गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे पति से पूछताछ में पूरी वारदात का हुआ खुलासा

लखनऊ, 15 मई 2026:

राजधानी के चिनहट इलाके में एक युवक ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या कर दी। कत्ल के बाद उसने शव ट्रॉली बैग में भरकर इंदिरा डैम के पास फेंक दिया और फिर खुद थाने पहुंचकर पत्नी के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन की फिर उसकी एक्टिविटी संदिग्ध पाकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।

मृतका की पहचान 24 वर्षीय यास्मीन के रूप में हुई है। वह चिनहट निवासी अल्ताफ उर्फ कल्लू की पत्नी थी। दोनों की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस के मुताबिक, यास्मीन के पिता मोहम्मद शहीद सब्जी का कारोबार करते हैं। अल्ताफ को शक था कि यास्मीन का एक करीबी रिश्तेदार से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।

बताया गया कि 13 मई की रात भी इसी मुद्दे पर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि 14 मई की तड़के करीब चार बजे अल्ताफ ने यास्मीन का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ट्रॉली बैग में रखा और करीब एक घंटे बाद उसे लेकर चिनहट बाजार पहुंचा। वहां से उसने ई-रिक्शा किया और इंदिरा डैम पहुंचा। डैम के किनारे झाड़ियों में ट्रॉली बैग फेंकने के बाद घर लौट आया। बाद में परिवार वालों से पत्नी के गायब होने की बात कही। घरवालों के कहने पर वह सुबह करीब आठ बजे चिनहट थाने पहुंचा और गुमशुदगी दर्ज करने की गुहार लगाई। पुलिस ने उसकी बात सुनी और खोजबीन की। इस दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलीं।

इसके बाद उसी पर शक गहरा गया तो पूछताछ में सख्ती बरती गई। इस दौरान अल्ताफ ने हत्या की बात मान ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरा डैम के पास झाड़ियों से ट्रॉली बैग बरामद किया, जिसमें यास्मीन का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button