Lucknow City

UP के ADG अमिताभ यश के पिता का निधन, वीरता पदक से सम्मानित थे रिटायर्ड IPS रामयश सिंह

83 वर्ष की उम्र में लखनऊ में ली अंतिम सांस, डीजीपी समेत कई बड़े अधिकारी पहुंचे घर, CM योगी भी देंगे श्रद्धांजलि

लखनऊ, 27 अप्रैल 2026:

यूपी पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर एवं एसटीएफ चीफ अमिताभ यश के पिता रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी रामयश सिंह का सोमवार को लखनऊ में निधन हो गया। 83 वर्षीय रामयश सिंह के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इंदिरानगर स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

बताया गया कि सीएम योगी आदित्यनाथ पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार से लौटने के बाद लखनऊ पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देंगे। रामयश सिंह अपने सेवा काल में एक सख्त और कर्मठ अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। वे बिहार तैनात रहे और डीआईजी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जहानाबाद और गोड्डा (अब झारखंड में) जैसे संवेदनशील जिलों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक भी प्रदान किया गया था।

वहीं, उनके बेटे अमिताभ यश 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं। अमिताभ की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और आईआईटी कानपुर से पीजी की डिग्री हासिल की। अमिताभ यश की पत्नी रेनू सिंह भारतीय वन सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button