स्पोर्ट्स डेस्क, 28 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली की टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 75 रन पर ढेर हो गई। जवाब में आरसीबी ने महज 6.3 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आज न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स व राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला होगा।
दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही गेंद पर साहिल परख बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे और टीम ने सिर्फ आठ रन तक छह विकेट गंवा दिए। इस दौरान बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी नजर आई।

मिडिल ऑर्डर में डेविड मिलर और अभिषेक पोरेल ने थोड़ी देर पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 35 रन की साझेदारी हुई, लेकिन यह टीम को बड़े स्कोर तक नहीं ले जा सकी। मिलर 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पोरेल ने 30 रन जोड़े। काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान दिया।
आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर चार विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट झटके। बाकी गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा।

छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। जैकब बेथेल ने 20 रन बनाकर तेज शुरुआत दी। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पड्डिकल ने मैच को पूरी तरह खत्म कर दिया। दोनों के बीच नाबाद 51 रन की साझेदारी हुई। कोहली 23 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि पड्डिकल ने 34 रन की तेज पारी खेली। दिल्ली को एकमात्र सफलता जैमीसन ने दिलाई।
इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह आईपीएल में 9000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली के नाम अब 275 मैचों में 9000 से ज्यादा रन दर्ज हो चुके हैं, जिसमें आठ शतक और 66 अर्धशतक शामिल हैं। साथ ही वह दिल्ली के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।






