Varanasi

आज काशी आएंगे पीएम… महिला शक्ति का दिखेगा महाकुंभ, देंगे 6,322 करोड़ की सौगात

बरेका ग्राउंड में 50 हजार महिलाओं की मौजूदगी का अनुमान, पूरा आयोजन महिलाओं के जिम्मे, 163 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, दो नई अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी

विकास गोंड

वाराणसी, 28 अप्रैल 2026:

काशी में मंगलवार को महिला शक्ति का बड़ा जुटान होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचकर जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम बरेका ग्राउंड में होगा, जहां करीब 50 हजार महिलाओं के पहुंचने का अनुमान है।

इस सम्मेलन की खास बात यह है कि इसकी पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ में है। आयोजन से लेकर मंच संचालन तक महिलाएं ही संभालेंगी। सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों पर बात होगी।

ये भी पढ़ें:

प्रधानमंत्री इस दौरान वाराणसी को 6,322 करोड़ की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 50 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, जबकि 113 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही बनास डेयरी से जुड़े लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर किया जाएगा।

रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री दोपहर बाद लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका ग्राउंड पहुंचकर करीब शाम 5 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद और बृजेश पाठक समेत कई मंत्री और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री बीएलडब्ल्यू से निकलकर काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े लोगों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। परियोजनाओं में सड़क, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, अस्पताल, शिक्षा संस्थान, पेयजल, सीवरेज, खेल सुविधाएं, तालाब-कुंडों का जीर्णोद्धार, हरित ऊर्जा, पर्यटन विकास जैसे कई काम शामिल हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहां कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत करेंगे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  PM मोदी ने किया बाबा विश्वनाथ के चरणों में नमन, काशी की सड़कों पर जन-जन का अभिनंदन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button