Varanasi News : एयर शो में नमोघाट के हेलिपैड तक पहुंचा फर्जी कैप्टन, पुलिस ने दबोचा
प्रतिबंधित क्षेत्र में मिला युवक, IB और वायुसेना की खुफिया टीम ने कई घंटे की पूछताछ, पिता चलाता है पैथालॉजी सेंटर

वाराणसी, 26 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी में वायुसेना के Air Show के दौरान नमोघाट के प्रतिबंधित हेलिपैड क्षेत्र में खुद को सेना का कैप्टन बताने वाला युवक पकड़ा गया। सुरक्षा जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो उससे पूछताछ की गई। सेना में कैप्टन के पद पर तैनाती का कोई प्रमाण नहीं मिलने पर पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) और वायुसेना की टीम ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की।
पूछताछ में खुली पहचान
पकड़े गए युवक ने शुरुआती पूछताछ में अपना नाम कैप्टन अर्पित बताया था। उसने अपना पता कैंट थाना क्षेत्र के जदीद बाजार में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी कैंट के पास का बताया। अधिकारियों ने सेना के रिकॉर्ड की जांच की तो उसके कैप्टन होने की पुष्टि नहीं हुई। जांच के दौरान युवक की पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी के कार्यालय ले जाया गया, जहां अलग-अलग खुफिया इकाइयों ने उससे पूछताछ की।
प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंचा युवक
रविवार को हुए वायुसेना के Air Show को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। नमोघाट पर हेलिपैड का क्षेत्र भी सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील था। इसके बावजूद युवक प्रतिबंधित इलाके तक पहुंच गया। पूछताछ में खुद को सेना का कैप्टन बताने पर जवानों का संदेह बढ़ गया। इसके बाद अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, IB, LIU और वायुसेना के अधिकारियों ने युवक से पूछताछ की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने खुद को सेना का अधिकारी क्यों बताया और प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।

ऐसे हुआ युवक पर शक
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा के मुताबिक, आरोपी नमोघाट घूमने गया था। उसने कैंट के एक सैन्य अधिकारी से दोस्ती की थी, उनसे भी खुद को सैन्य अधिकारी बताया था। हेलिपैड क्षेत्र में घूमते समय पुलिस ने उसे टोका तो वह खुद को ग्रुप कैप्टन बताकर धौंस जमाने लगा। बातचीत व हुलिए से जवानों को उस पर शक हुआ।
पिता चलाते हैं पैथोलॉजी सेंटर
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के मुताबिक, अर्पित के पिता शहर में पैथोलॉजी सेंटर चलाते हैं। युवक की मंशा का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।नमोघाट पुलिस चौकी प्रभारी चंदन कुमार की तहरीर पर अर्पित चतुर्वेदी के खिलाफ आदमपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की है।






