गोरखपुर, 15 मई 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में देश के सामने ऊर्जा और आर्थिक चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने प्रबुद्धजन सम्मेलन में लोगों से अपील की कि ईंधन की बचत करें, गैरजरूरी विदेश यात्राओं से बचें, सोने की खरीद कम करें और देश का पैसा देश के भीतर ही निवेश करें।
सीएम शुक्रवार को गोरखपुर में आयोजित भाजपा के ‘प्रबुद्धजन संवाद’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हर नागरिक का छोटा-सा योगदान भी देश के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरों में बिजली और ईंधन का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक किया जाना चाहिए। जब घर में कोई न हो तो बिजली के उपकरण बंद कर दिए जाएं। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए साझा वाहन, ई-रिक्शा या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया जा सकता है। सप्ताह में एक-दो दिन निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने से भी काफी ईंधन बचाया जा सकता है।
उन्होंने एलपीजी की कालाबाजारी पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रबुद्धजन समाज में जागरूकता फैलाएं और जरूरत पड़ने पर प्रशासन को सूचना दें। मुख्यमंत्री ने पीएनजी और सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी जोर दिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया है। कोरोना महामारी के दौरान सीमित संसाधनों के बावजूद देश ने बेहतर प्रबंधन किया। मुफ्त राशन और मुफ्त वैक्सीन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को राहत दी। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व के कारण ही भारत आज दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही ताकत के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे देशद्रोह की संज्ञा देते हुए कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों को इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठानी चाहिए। नई पीढ़ी को यह बताना जरूरी है कि कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश और देश की स्थिति क्या थी और अब कितना बदलाव आया है। सीएम ने गोरखपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय इंसेफेलाइटिस, बेरोजगारी, असुरक्षा और भूमाफियाओं का डर आम बात थी, जबकि आज विकास, बेहतर सड़कें, निवेश और कानून व्यवस्था नई पहचान बन चुके हैं।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में सांसद रविकिशन की चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि मंच पर आते ही रवि किशन को देखकर यहां का कूलर और एसी भी बंद हो गया। कार्यक्रम में रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सुरक्षा बेहद अहम है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जरूरत पड़े तो वह खुद साइकिल से चल लेंगे, लेकिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपना काफिला कम नहीं करना चाहिए। महराजगंज में योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ की पूजा अर्चना की। उसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया।

सीएम कल करेंगे 393 करोड़ के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास
सीएम शनिवार को गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। 46 एकड़ में बनने वाले इस स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी, साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पिच, पैवेलियन और फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल इस स्टेडियम का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। शिलान्यास समारोह में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और खेल मंत्री भी मौजूद रहेंगे। पेट्रोलियम कंपनियां अपनी सीएसआर निधि से इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएंगी।






