GorakhpurLucknow City

Up News: CM योगी आज देंगे महिलाओं-किशोरों के लिए सौगात, गोरखपुर में 23 करोड़ से बना सुरक्षित आश्रय व सुधार का ठिकाना

चरगांवा में 100 महिलाओं की क्षमता वाले 8 करोड़ के राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री, 14.87 करोड़ से बन रहे किशोर संप्रेक्षण गृह का करेंगे निरीक्षण, श्रीमद्भागवत कथा में होंगे शामिल

लखनऊ/गोरखपुर, 23 सितंबर 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह महिलाओं और किशोरों के संरक्षण, पुनर्वास और बेहतर सुविधाओं से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लेंगे। सीएम चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप 8 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे।

नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय की क्षमता 100 महिलाओं के रहने की है। भवन में आवासीय सुविधा के साथ महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सहायक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां 10 डारमेट्री कक्ष, चार अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर बनाए गए हैं। प्रशासनिक और संचालन संबंधी कार्यों के लिए वर्कशॉप, वार्डन कक्ष और कार्यालय की भी व्यवस्था है। महिलाओं के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय भी बनाया गया है।

राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित संरक्षणात्मक एवं आवासीय संस्था है। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, संकटपूर्ण परिस्थितियों, भटकाव अथवा अन्य सामाजिक और पारिवारिक कठिनाइयों से प्रभावित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें:

किशोरों के लिए 14.87 करोड़ का संप्रेक्षण गृह

महिला शरणालय के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री इसी परिसर के समीप निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का भी जायजा लेंगे। इसका निर्माण 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसकी क्षमता भी 100 किशोरों की होगी। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक का प्रावधान किया गया है। परियोजना का निर्माण फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

इस संप्रेक्षण गृह का उद्देश्य कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों को सुरक्षित, बाल-अनुकूल और सुधारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां उनकी देखभाल, संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोसामाजिक सहयोग, कौशल विकास और पुनर्वास पर ध्यान दिया जाएगा। ऐसे किशोरों को यहां रखा जाता है जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया हो और जिनके संबंध में बोर्ड ने विधि के अनुरूप आदेश पारित किया हो।

गोरखनाथ मंदिर में भागवत कथा में भी शामिल होंगे योगी

मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह आयोजन ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे।

ये भी पढ़ें  लखनऊ: CM योगी ने पुलिस विभाग के चयनित कर्मचारियों को बांटा नियुक्ति पत्र, 30 हजार की भर्ती के लिए कही ये बात

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link