National

प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर परिजन पहुंचे हरिद्वार, अपर्णा और बेटियां भी साथ

वैदिक रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा अस्थियों का विसर्जन, शिवपाल के बेटे एवं सांसद आदित्य यादव करेंगे गंगा में प्रवाहित

लखनऊ, 16 मई 2026:

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन आज हरिद्वार में पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा। इसके मद्देनजर हरिद्वार प्रशासन और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शनिवार सुबह प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, दोनों बेटियों और अन्य परिजनों के साथ निजी विमान से हरिद्वार रवाना हुईं।

दोपहर 12 बजे परिजन अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंच गए। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन और अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री शिवपाल यादव के बेटे और सांसद आदित्य यादव उर्फ अंकुर मां गंगा में अपने चचेरे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां प्रवाहित करेंगे।

Prateek Yadav Ashes Immersion Ceremony in Haridwar (1)

इससे पहले शनिवार सुबह बैकुंठ धाम से अस्थियां लेने सांसद आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव और करहल विधायक तेज प्रताप यादव पहुंचे। इसके बाद सभी लोग हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम में कई राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते वीआईपी घाट और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि बीते बुधवार सुबह विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रतीक यादव को सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डिएक अरेस्ट बताई गई है। डॉक्टरों के मुताबिक वह पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे जिसमें खून का थक्का फेफड़ों में फंसने से ब्लड सर्कुलेशन रुक जाता है।

रिपोर्ट में शरीर पर छह चोटों के निशान मिलने की भी पुष्टि हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की गहराई से जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अखिलेश यादव सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button