लखनऊ, 16 मई 2026:
चिनहट इलाके में देवा रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में 33 हजार रुपये जमा करने पहुंचे इंटर के एक छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बैंक की जांच मशीन में 500 रुपये के 14 नोट नकली पाए गए। शाखा प्रबंधक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसका कनेक्शन किसी बड़े गिरोह से जुड़े होने के अहम सुराग मिले।
बताया गया कि बैंक से पकड़ा गया आरोपी सौरभ कुमार मूल रूप से गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र के शुक्लन पुरवा का रहने वाला है। वह फिलहाल चिनहट में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास किराये के कमरे में रहकर इंटर की पढ़ाई कर रहा है।
सौरभ देवा रोड स्थित सिराज कॉम्प्लेक्स में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में 33 हजार रुपये जमा कराने पहुंचा था। कैश काउंटर पर नोटों की जांच के दौरान सात हजार रुपये नकली निकले। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने तलाशी ली तो सौरभ के पास से 2.35 लाख रुपये नकद बरामद हुए। यह रकम असली पाई गई। पूछताछ में सौरभ ने बताया कि उसकी कुछ समय पहले एक युवक से जान-पहचान हुई थी। वही उसे नकदी देकर अलग-अलग बैंक खातों में जमा करने के लिए भेजता था। हर बार यह काम करने के बदले उसे चार हजार रुपये कमीशन मिलता था।
सौरभ ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी कई बैंकों में इसी तरह रकम जमा करा चुका है, लेकिन कभी पकड़ा नहीं गया। जांच में सामने आया है कि यह रकम साइबर ठगी से हासिल की गई थी, जिसे गिरोह छोटे-छोटे हिस्सों में बैंक खातों के जरिए खपा रहा था।
पुलिस को शक है कि जिस खाते में सौरभ रकम जमा करने पहुंचा था, वह भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुलवाया गया हो सकता है। अब पुलिस ऐसे दूसरे खातों और उनके संचालकों की जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे गिरोह तक पहुंचा जा सके।
READ MORE






