
लखनऊ, 2 अगस्त 2026
यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र को लेकर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही विधानभवन और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सोमवार सुबह से विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था विधानसभा सत्र समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में लोगों से कहा गया है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर कर लें।

ट्रैफिक प्लान के अनुसार बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज, जीपीओ मोड़ और विधानसभा की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को लालबत्ती चौराहा, कैंट, गोल्फ क्लब चौराहा और 1090 चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
डीएसओ चौराहा से हजरतगंज, जीपीओ पार्क और विधानसभा मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को पार्क रोड और मेफेयर तिराहा होकर जाना होगा।वहीं रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा के सामने होकर हजरतगंज जाने वाले वाहनों को कैसरबाग, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील या बर्लिंग्टन चौराहा, सदर ओवरब्रिज और कैंट के रास्ते भेजा जाएगा।
महानगर की ओर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें संकल्प वाटिका पुल के नीचे से सिकंदरबाग, हजरतगंज और विधानसभा की ओर नहीं जा सकेंगी। इन्हें बैकुंठ धाम, 1090 गांधी सेतु, बंदरियाबाग, लालबत्ती चौराहा और कैंट होकर संचालित किया जाएगा। चारबाग की ओर से आने वाली बसों को भी हुसैनगंज और रॉयल होटल की बजाय लोको चौराहा, कैंट या बर्लिंग्टन चौराहा होते हुए कैसरबाग भेजा जाएगा।

गोमतीनगर से आने वाली बसों को भी सिकंदरबाग और विधानसभा मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील या 1090 गांधी सेतु, बंदरियाबाग और लालबत्ती चौराहा होकर गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा सिकंदरबाग, परिवर्तन चौक, हिंदी संस्थान तिराहा और डीएसओ चौराहा से जुड़े कई मार्गों पर भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

हालांकि प्रशासन ने राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि चिकित्सा आपात स्थिति में एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि डायवर्जन का पालन करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।






