Lucknow City

समाधान दिवस में उठा आम की अस्थायी मंडी का मुद्दा, डीएम ने कहा…बैठक कर दूर होगी समस्या

हरदोई रोड स्थित आधुनिक उपमंडी स्थल पर शिफ्टिंग की तैयारी तेज, जिलाधिकारी विशाख जी ने दिया किसानों को सुरक्षित माहौल व जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा, अस्थाई मंडी में भी दूर होंगीं मुश्किलें

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 16 मई 2026:

मलिहाबाद की अस्थायी आम मंडी को लेकर लंबे समय से चल रही दिक्कतों के बीच जिलाधिकारी विशाख जी ने सख्त रुख अपनाया है। तहसील सभागार में हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का पूरा और सही दाम दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जल्द ही एक बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हरदोई रोड पर आधुनिक सुविधाओं से लैस उपमंडी स्थल तैयार है और अस्थायी मंडी को वहीं स्थानांतरित किया गया है। इसके बावजूद कुछ कारोबारी पुराने अस्थायी स्थल पर ही खरीद-बिक्री की तैयारी कर रहे हैं, जिसे उन्होंने गलत बताया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऐसी व्यवस्था करेगा जिससे उपमंडी स्थल पर कारोबार सुचारु रूप से शुरू हो सके। मकसद यह है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर माहौल मिले और उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि नए मंडी स्थल पर किसानों के लिए शेड, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मंडी परिसर को इस तरह विकसित किया जाएगा कि किसान और कारोबारी दोनों सुरक्षित माहौल में अपना काम कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्थायी मंडी से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और उपमंडी स्थल पर मंडी संचालन समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जाए, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। बता दें कि किसान लंबे समय से ऐसी मंडी व्यवस्था की मांग कर रहे थे, जहां सुविधाएं बेहतर हों और उनका कारोबार व्यवस्थित ढंग से हो सके।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button