Uttarakhand

योगनगरी स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा… शंटिंग के दौरान पटरी से उतरी उज्जैन एक्सप्रेस

सुबह उज्जैन रवाना होने वाली ट्रेन को रात में शंटिंग लाइन पर ले जाते समय अंतिम छोर पर इंजन ठोकर से टकराया, तेज झटके से तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, एक बोगी बुरी तरह हुई क्षतिग्रस्त, पैसेंजर न होने से जनहानि बची

राजकिशोर तिवारी

ऋषिकेश, 19 मई 2026:

योगनगरी रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश में सोमवार रात उज्जैन एक्सप्रेस शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गई। हादसा रात 9:42 बजे खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर हुआ। ट्रेन के तीन डिब्बे ट्रैक से उतर गए और उनमें से एक बोगी दबाव के कारण बीच से मुड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि उस समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

उज्जैन एक्सप्रेस सोमवार शाम करीब छह बजे योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को मंगलवार सुबह 6:15 बजे उज्जैन के लिए रवाना होना था। इसी वजह से रात करीब साढ़े नौ बजे इसे प्लेटफॉर्म से खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था।

शंटिंग लाइन के अंतिम छोर पर लगे ठोकर से इंजन टकरा गया। इसके बाद पूरी ट्रेन तेज झटके के साथ रुक गई। अचानक लगे झटके व दबाव से बीच के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें एक बोगी पर सबसे ज्यादा असर पड़ा और उसका ढांचा टेढ़ा हो गया।

Advertisement

घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ट्रैक के पास भीड़ जमा होने पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। सूचना मिलते ही अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक राहत और तकनीकी उपकरणों के पहुंचने का इंतजार किया जाता रहा।

योगनगरी स्टेशन के आरपीएफ निरीक्षक सरोज कुमार ने बताया कि हादसा शंटिंग के दौरान हुआ। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लोको पायलट की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।

हादसे के कारण मंगलवार सुबह 6:15 बजे रवाना होने वाली उज्जैन एक्सप्रेस तय समय पर नहीं चल सकी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन को करीब 11 बजे रवाना करने की तैयारी की गई, जिससे यह लगभग पौने पांच घंटे विलंब से चली।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  'संवाद' में पशुपालक व मत्स्य पालकों से रूबरू हुए धामी, कहा... ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूत .

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link