Lucknow City

किसानों की जमीन वाली लॉटरी! IT सिटी योजना में 300 काश्तकारों को मिले 414 विकसित प्लॉट

एलडीए की पारदर्शी लैंड पूलिंग नीति बनी मिसाल, लॉटरी की पर्चियां स्वयं काश्तकारों के हाथों से निकलवाई गईं, सुल्तानपुर रोड पर 3490 एकड़ में बस रही नई आईटी सिटी

लखनऊ, 23 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के सुल्तानपुर रोड इलाके में विकसित हो रही महत्वाकांक्षी आईटी सिटी योजना में किसानों और भू-स्वामियों के लिए खुशियों वाली खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी जमीन देने वाले 300 किसानों को लॉटरी के माध्यम से 414 विकसित प्लॉट आवंटित कर दिए हैं। यह आवंटन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना के तहत गत 10 अप्रैल तक अपनी भूमि का अनुबंध प्राधिकरण के पक्ष में कराने वाले किसानों और भू-स्वामियों को प्राथमिकता देते हुए विकसित प्लॉट आवंटित किये गये। बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनाएं रखने के लिए लॉटरी की पर्चियां स्वयं काश्तकारों के हाथों से निकलवाई गयीं।

IT City Project 300 Farmers Win Big with Opportunity (1)

सुल्तानपुर रोड पर करीब 3490 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही आवासीय एवं आईटी सिटी योजना राजधानी के भविष्य के बड़े शहरी विस्तार के रूप में देखी जा रही है। योजना में विकसित प्लॉट मिलने के बाद किसानों के चेहरों पर साफ खुशी दिखाई दी। कई काश्तकारों ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा लाभ बताया।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के मुताबिक छह श्रेणियों में 414 विकसित भूखण्डों का आवंटन किया गया। इनमें 288 वर्गमीटर के 141, 200 वर्गमीटर के 11, 162 वर्गमीटर के 17, 128 वर्गमीटर के 35, 72 वर्गमीटर के 77 तथा 35 वर्गमीटर के 133 भूखण्ड शामिल हैं।

IT City Project 300 Farmers Win Big with Opportunity (2)

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पूरी लॉटरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया। कई आवेदकों ने लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर सीधे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर अपनी खुशी साझा की। लॉटरी में सफल रहे अमित कुमार राय ने कहा कि एलडीए की व्यवस्था बेहद शानदार और भरोसेमंद रही। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, सीपी त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी रवि नंदन सिंह, प्रभारी अधिकारी अर्जन विपिन शिवहरे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button