Uttar Pradesh

जॉब पाने का मौका आज… 2500 नौकरियों की बरसात, 35 बड़ी कंपनियां करेंगी भर्ती

लखनऊ में आयोजित रोजगार मेले में 8वीं पास से MBA तक के युवाओं को मौका, निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के लिए यूपी कौशल विकास मिशन का बड़ा अभियान

लखनऊ, 23 मई 2026:

यूपी में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन आज लखनऊ यूनिवर्सिटी के मालवीय सभागार में विशाल रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है। यह रोजगार मेला हजारों युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का बड़ा अवसर साबित होगा।

इस रोजगार मेले में 35 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और 2500 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस मेले की सबसे बड़ी खासियत इसकी व्यापक भागीदारी और समावेशी स्वरूप है।

इसमें 8वीं पास से लेकर आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक, बीटेक और एमबीए तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा सामान्यतः 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है।

मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आईटीईएस, बैंकिंग-फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस तथा परिधान उद्योग जैसी कई प्रमुख सेक्टरों की कंपनियां भर्ती करेंगी। भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में बारबेक्यू नेशन, पेटीएम हिटैची, शाही इंडस्ट्रीज, स्विफ्ट ट्रक, जीएम मॉडयूलर्स जैसी बड़ी कंपनियां शामिल होंगी।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अधिकारियों का कहना है कि यह रोजगार मेला केवल भर्ती कार्यक्रम नहीं अपितु युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की मजबूत रणनीति का हिस्सा है। प्रदेश सरकार कौशल विकास, निजी कंपनियों के साथ साझेदारी और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार अब प्रशिक्षण के साथ सीधे रोजगार उपलब्ध कराने के मॉडल पर तेजी से काम कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button