Lucknow City

15 साल बाद चली JCB…नदौली ड्रेन की सफाई से किसानों को राहत, अधूरे काम पर होगा आंदोलन

कई जिलों से जुड़ी है नगराम इलाके से गुजरने वाली ड्रेन, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने कहा, सिर्फ साढ़े पांच किलोमीटर सफाई से नहीं निकलेगा हल, पूरी ड्रेन की सफाई नहीं हुई तो सिंचाई विभाग के खिलाफ होगा आंदोलन

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 23 मई 2026:

नगराम क्षेत्र के किसानों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। करीब 15 वर्षों से बंद पड़ी नदौली ड्रेन की सफाई का काम ऊसर सुधार विभाग उन्नाव की ओर से शुरू करा दिया गया है। ड्रेन में जेसीबी उतरते ही किसानों के चेहरों पर खुशी छा गई। इस मुद्दे को लगातार उठाने वाले राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने पूरी ड्रेन की सफाई करने की मांग रखी है।

क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव से फसल खराब होने की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दिनों में सैकड़ों बीघा धान की फसल पानी में डूबकर खराब हो जाती थी, जबकि खेतों में नमी और पानी भरे रहने से गेहूं की बुवाई भी प्रभावित होती रही। किसानों का कहना है कि ड्रेन की सफाई नहीं होने से हर साल भारी नुकसान उठाना पड़ता था।

ये भी पढ़ें:

सफाई शुरू होने के बाद मौके पर पहुंचे राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने किसानों से बातचीत के दौरान कहा कि अभी समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि ऊसर सुधार उन्नाव के जिम्मे लखनऊ सीमा तक करीब साढ़े पांच किलोमीटर ड्रेन की सफाई का काम है। इसके आगे यही ड्रेन बिजरा ड्रेन के नाम से जानी जाती है, जिसकी जिम्मेदारी सिंचाई खंड प्रतापगढ़ के पास है।

Nadoli Drain Cleaned with JCB After 15 Years Relief (1)

हरिपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में सिंचाई विभाग प्रतापगढ़ के अवर अभियंता मनोज सोनी से बातचीत की गई, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। अब संगठन का प्रतिनिधिमंडल जल्द अधिशाषी अभियंता सिंचाई विभाग प्रतापगढ़ से मुलाकात कर बिजरा ड्रेन की करीब 10 किलोमीटर लंबाई तक सफाई कराने की मांग करेगा।

उन्होंने कहा कि अगर समय रहते पूरी ड्रेन की सफाई नहीं कराई गई तो संगठन प्रमुख सचिव सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश से मिलकर आंदोलन की रणनीति तय करेगा। अधूरी सफाई से जलनिकासी की दिक्कत खत्म नहीं होगी और किसानों की परेशानी जस की तस बनी रहेगी। किसानों ने साफ कहा कि अगर ड्रेन की पूरी सफाई जल्द नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

इस दौरान तहसील उपाध्यक्ष साहब दीन फौजी, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार यादव, बद्रीविशाल बाजपेई, अवधेश शुक्ला, देशराज, राम प्रकाश, राजेश कुमार व कई किसान मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  अब प्रमुख जी भी बने प्रशासक... यूपी में पंचायत चुनाव टलने के कारण बदली व्यवस्था

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button