मूक-बधिर युवती से हुई थी शादी…पति ने प्रेमिका संग की खुदकुशी, पेड़ पर लटके मिले शव
सतरिख थाना क्षेत्र में हुई वारदात, मायके गई थी पत्नी, युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी, पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत हर पहलू की जांच में जुटी
बाराबंकी, 25 मई 2026:
सतरिख थाना क्षेत्र में सुबह एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर एक पेड़ की अलग-अलग डालियों से लटके थे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक रोहित शादीशुदा था और इस समय उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। साथ मे जान देने वाली युवती उसकी प्रेमिका बताई जा रही है।
बताया गया कि सतरिख क्षेत्र के गेंहदवर में रहने वाले
रोहित (25) रोहित की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। शरीफाबाद गांव में रहने वाली उसकी पत्नी मूक-बधिर है। दोनों के कोई संतान भी नहीं है। इस समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। बीती रात लगभग 11 बजे रोहित मोबाइल फोन लेकर घर से बाहर चला गया।

परिजन उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे इसी बीच सुबह हो गई। अचानक शोर उठा कि गांव से करीब एक किमी दूर पेड़ से दो शव लटक रहे है। परिजन भी बदहवासी की हालत में पहुंचे। सामने रोहित का शव था लेकिन युवती अपरिचित थी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया। रोहित के पास उसका फोन मिला है।
पुलिस अब उसी फोन के सहारे साथ मे जान देने वाली युवती की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल ग्रामीणों का कहना है रोहित की मूक बधिर पत्नी से अनबन चल रही थी। युवती से प्रेम प्रसंग पहले से चल रहा था। शादी के बाद भी दोनों एक दूसरे के संपर्क में थे। किसी वजह से एक दूसरे के साथ शादी न होने के कारण दोनों ने खुदकुशी के फैसला कर लिया। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर युवती की पहचान करने में जुटी है।






