
बाराबंकी, 26 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में जिला प्रोबेशन कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी ने एक युवक पर घर से ऑफिस तक पीछा करने, गालियां देने और बाहर बुलाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि युवक ने रास्ते में भी उसका पीछा किया और ऑफिस पहुंचने के बाद बाहर खड़े होकर उसे परेशान करने लगा। महिलाकर्मी सहमी हुई है और नौकरी छोड़ने की नौबत की बात कही है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हरदोई के आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
लखनऊ से बाराबंकी तक पीछा करने का आरोप
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला बाराबंकी के सरकारी दफ्तर में सहायक लेखाकार के पद पर काम करती हैं। 24 सितंबर को वह घर से ऑफिस के लिए निकली थीं। ऑटो में बैठने के बाद से अंकित उर्फ प्रशान्त उनके पीछे लगा रहा। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने आपत्तिजनक बातें कहीं और हत्या की नीयत से उनका पीछा किया।
ऑफिस के बाहर खड़े होकर बुलाने लगा
महिलाकर्मी के मुताबिक वह ऑफिस पहुंचने के बाद अपने काम में लग गईं। करीब 10:30 बजे उन्होंने बाहर देखा तो युवक ऑफिस के पास मौजूद था। आरोप है कि उसने बाहर से गालियां दीं, भद्दे इशारे किए और महिला को बाहर आकर बात करने के लिए बुलाने लगा। इसके बाद उसने कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस पहुंचने पर भागा युवक, महिलाकर्मी बोली- अब नौकरी करने में मुश्किल हो रही
महिला ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले युवक कार्यालय के सामने से भाग गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पास आरोपी के कॉल और मैसेज की डिटेल मौजूद है। इस घटना के बाद वह काफी डरी हुई हैं। उन्हें अकेले घर से निकलने में भी डर लग रहा है। उनका कहना है कि लगातार पीछा किए जाने की वजह से वह नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर महसूस कर रही हैं।
हरदोई में रहने वाले आरोपी को खोज रही पुलिस
आरोपी अंकित उर्फ प्रशान्त हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के चांदा महमूदपुर का रहने वाला बताया गया है। महिला ने पुलिस को आरोपी के दो मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश, कॉल और मैसेज से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।






