
वाराणसी, 26 सितंबर 2026:
यूपी के वाराणसी में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पिंडरा क्षेत्र के एक व्यक्ति के बैंक खाते से 4,60,776.84 रुपये निकलने का आरोप है। पीड़ित राजकुमार पटेल का कहना है कि उसके मोबाइल को हैक करने के बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से रकम निकाली गई। खास बात यह है कि रकम निकलने के दौरान उसके मोबाइल पर कोई बैंकिंग अलर्ट मैसेज नहीं आया।
आधी रात खाते से बड़ी रकम निकली
पिंडरा तहसील क्षेत्र के झंझौर गांव में रहने वाले राजकुमार के मुताबिक ग्रामीण बैंक की शाखा में खुले उसके खाते से एक रुपये निकालकर ट्रांजेक्शन की जांच की गई। इसके बाद एक ही दिन में पहले 10 हजार, 1.50 लाख, 49,982, 19,483, 19,770.84, 60 हजार और 1,41,540 रुपये समेत कई ट्रांजेक्शन किए गए। इन सभी निकासी को मिलाकर शिकायतकर्ता ने कुल 4,60,776.84 रुपये की साइबर ठगी का आरोप लगाया है।
UPI लिमिट को लेकर बैंक कर्मचारियों पर शक
राजकुमार पटेल ने अपनी शिकायत में बैंक की UPI निकासी सीमा का हवाला देते हुए बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी शक जताया है। उनका कहना है कि अगर UPI से निकासी की तय सीमा एक लाख रुपये तक है तो खाते से इससे ज्यादा रकम किस तरह निकली, इसकी जांच जरूरी है। शिकायतकर्ता ने बैंक कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच कराने की मांग की है।
बैंकिंग एक्सेस के एंगल पर जांच कर रही पुलिस
राजकुमार ने National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 21 सितंबर को पुलिस को लिखित शिकायत देकर खाते से निकली रकम वापस दिलाने की मांग की गई। साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान रकम किन माध्यमों से ट्रांसफर हुई, मोबाइल और बैंकिंग एक्सेस किस तरह इस्तेमाल हुआ और बैंक स्तर पर किसी तरह की लापरवाही या मिलीभगत थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जाएगी।






