Uttarakhand

सीएम धामी ने खोला विकास का खजाना… चमचमाएंगी सड़कें, सार्वजनिक सुविधाएं होंगी बेहतर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क, सार्वजनिक सुविधाओं और आवास से जुड़ी योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ रुपये किए स्वीकृत, अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता व तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश, न्यायिक अधिकारियों के आवास के लिए दिए 1.29 करोड़

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 26 मई 2026ः

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य में सड़क, सार्वजनिक सुविधाओं और आवास से जुड़ी योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को इसका फायदा जल्द मिल सके।

जनपद चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए 1.29 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गईं। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में 60 प्रतिशत धनराशि 77.61 लाख रुपये मिलेगी। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के लिए 2.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। प्रथम किश्त के रूप में 89.80 लाख रुपये दिए जाएंगे।

टिहरी गढ़वाल के विकासखंड थौलधार के अंतर्गत कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के 5.410 किलोमीटर पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए 3.52 करोड़ और जनपद बागेश्वर के विकासखंड गरुड़ में बिनातोली से गरकोट तक मोटर मार्ग निर्माण कार्य के लिए 4.01 करोड़ प्रदान किए गए हैं। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के अंतर्गत विकासखंड पाबों में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण व मरम्मत के लिए 2.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने नैनीताल के विकासखंड बेतालघाट में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के 5.50 किलोमीटर सीसी व मरम्मत के लिए 4.01 करोड़, देहरादून के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72 (लच्छीवाला) से गुलर स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए रायपुर (महाराणा प्रताप चौक) तक चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर निर्माण कार्य के लिए 1.03 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के अंतर्गत बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए 3.67 करोड़ के साथ ही चमोली, उधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर व दिव्यांगजनों के लिए अलग से शौचालय सुविधाओं के निर्माण के लिए 66.02 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button