Lucknow City

हाईटेंशन तार टूटने से मचा हाहाकार… धमाके से सहमे लोग, बिजली विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा

लखनऊ के मोहनलालगंज के निगोहां कस्बे में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से मची भगदड़, कारपेंटर के घर पर गिरा तार, ग्रामीणों ने किया हंगामा, ​भीषण गर्मी में कस्बे समेत दो दर्जन गांवों की बिजली चार घंटे रही गुल

​एमएम खान

मोहनलालगंज, (लखनऊ), 27 मई 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके के निगोहां कस्बे में मंगलवार देर रात हाईटेंशन लाइन का तार टूटने के बाद धमाके होने से भगदड़ मच गई। लोग सहम गए। चिंगारियां इतनी तेज थीं कि एक घर की पक्की फर्श तक उखड़ गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों का बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी में करीब दो दर्जन गांवों की बिजली चार घंटे तक गुल रही।

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,निगोहां कस्बा स्टेशन मार्ग पर देर रात हाईटेंशन लाइन का तार शॉर्ट सर्किट के बाद टूटकर सीधे एक कारपेंटर के घर पर गिर गया। इसके बाद जोरदार विस्फोट होने लगे। गनीमत रही कि उस समय घर के लोग बाहर बैठ थे, जिससे उनकी जान बच गई। तार गिरने से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को फोन कर घटना की सूचना दी, लेकिन काफी देर तक सप्लाई बंद न होने से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी देर तक कर्मचारियों के फोन नहीं उठे।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-27 at 1.17.23 PM

​काफी देर बाद जब बिजली आपूर्ति बंद हुई, तब लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद जब बिजली विभाग की टीम मरम्मत के लिए मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन कई घरों की छतों को छूते हुए गुजर रही है। हर समय मौत का साया मंडराता रहता है। अगर जल्द ही लाइन को आबादी से दूर शिफ्ट नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन करेंगे।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही लाइन को दूसरे जगह शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद समेसी पावर हाउस से नया तार मंगवाकर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। रात करीब दो बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

​इस घटना के कारण समेसी पावर हाउस से जुड़े निगोहां कस्बा, निगोहां गांव, बैरीसलपुर, शेरपुर लवल, पटिसा, रतनापुर, भगवानपुर और गोसाईं खेड़ा समेत दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली करीब चार घंटे तक ठप रही। उमस और भीषण गर्मी के बीच रात में बिजली गुल होने से हजारों की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चे और बुजुर्ग रात भर जागने को मजबूर रहे।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  वैश्य परिवार हत्याकांड : बेटे के दोस्त ने खेला था खूनी खेल... तीन कत्ल के बाद साथी को भी मार डाला

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button