लखनऊ, 4 मई 2026:
उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में करीब नौ बजे ही गहरा अंधेरा छा गया। आसमान पर काले बादल इस तरह छाए कि सड़कों पर चल रहे लोगों को वाहनों की लाइटें जलानी पड़ीं। कुछ ही मिनटों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, कई जगहों पर ओले भी गिरे।
लखनऊ में सुबह करीब 8:20 बजे बादल घिरने शुरू हुए और देखते ही देखते तेज तूफान के साथ बारिश होने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस मौसम के असर से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया और नाले उफनाने लगे। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास तेज हवा में पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।

कल्याणपुर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। सीवर लाइन के मेनहोल से पानी उफनकर बाहर निकलता दिखा, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। इसी तरह बाराबंकी में सुबह साढ़े आठ बजे के बाद हालात तेजी से बदले। काले बादलों की वजह से दिन में ही शाम जैसा अंधेरा छा गया। तेज गरज-चमक और बारिश के चलते लोग इधर-उधर पनाह लेते नजर आए, बाजारों की रफ्तार भी थम गई।
तराई इलाके के जिले श्रावस्ती के सरयू किनारे बसे इलाकों में भी सुबह से तेज हवाएं चलती रहीं। करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ बादलों की आवाजाही ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। खेतों में रखी फसल और भूसा समेटने की जल्दबाजी दिखी।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले चार से पांच दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम में बेवजह बाहर न निकलने की अपील की है।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली से लखनऊ आने वाली 15 उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जिनमें एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी शामिल रही। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को लखनऊ में तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम रहा।






