Uttarakhand

विकास कार्यों में रुद्रप्रयाग नंबर वन, मुख्यमंत्री धामी ने किया 32 नवाचारियों का सम्मान

उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर, धामी ने गिनाईं उत्तराखंड के विकास की उपलब्धियां

योगेंद्र मलिक

अल्मोड़ा, 27 मई 2026:

अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को राज्य स्तरीय एसडीजी (सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स) एचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर वर्ष 2026 के लिए 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को उनके नवाचारी एवं सतत विकास से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

पर्यावरण और विकास के संतुलन पर दिया जोर

धामी ने बताया कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को हर वर्ष अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है लेकिन पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ की सोच को आधार बनाकर वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

कई मानक ऐसे जिनमें कार्य की आवश्यकता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि अभी भी कई ऐसे मानक हैं जिनमें और बेहतर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

जीडीपी वृद्धि और बेरोजगारी में कमी का उल्लेख

विभिन्न क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियां बनाए जाने से राज्य के समग्र विकास को गति मिली है। धामी ने बताया कि सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जबकि प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

रिवर्स पलायन है विकास का सकारात्मक संकेत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है। अब लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौट रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्राप्त करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य के प्रति संकल्पों का परिणाम है।

उत्तराखंड को श्रेष्ठ बनाने में सबकी भागीदारी जरूरी

प्रमुख सचिव नियोजन एवं सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.आर.मीनाक्षी सुन्दरम ने सतत विकास लक्ष्यों की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने एसडीजी एचीवर्स अवार्ड प्राप्त करने वाले विजेताओं का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस मौके पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, राज्य मंत्री मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिलख्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा उपस्थित रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button