न्यूज डेस्क, 5 जून 2026:
हुंडई ने अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक i20 के नेक्स्ट जेनरेशन मॉडल की पहली आधिकारिक झलक दिखा दी है। कंपनी ने नई हुंडई i20 का पहला लुक जारी कर दिया है जिससे साफ हो गया है कि इस बार कार सिर्फ अपडेट नहीं बल्कि पूरी तरह नए अवतार में आने वाली है। अगले महीने इस कार का ग्लोबल डेब्यू किया जाएगा। माना जा रहा है कि नई i20 पहले से ज्यादा प्रीमियम, हाईटेक और स्पोर्टी डिजाइन के साथ बाजार में उतरेगी।
पहले से ज्यादा मॉडर्न होगी डिजाइन
नई हुंडई i20 का फ्रंट डिजाइन काफी आकर्षक नजर आ रहा है। कार में एरोहेड शेप एलईडी हेडलाइट्स दी गई हैं जो इसे बेहद शार्प और फ्यूचरिस्टिक लुक देती हैं। इसके साथ वाई-शेप एलईडी डीआरएल्स और कनेक्टेड एलईडी लाइट बार कार की स्टाइलिंग को और ज्यादा प्रीमियम बना रहे हैं। इसका बोनट और फ्रंट प्रोफाइल पहले से ज्यादा मस्कुलर दिखाई दे रहा है। डिजाइन देखकर साफ है कि हुंडई इस बार युवा ग्राहकों को खास तौर पर टारगेट करने वाली है।
केबिन में मिल सकते हैं लग्जरी कार जैसे फीचर्स
बताया जा रहा है कि नई i20 का इंटीरियर भी पूरी तरह बदल सकता है। कार में बड़ा कर्व्ड डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है जिसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर एक साथ जुड़े होंगे। इससे कार का केबिन पहले से ज्यादा आधुनिक दिखाई देगा। इसके अलावा कार में 360 डिग्री कैमरा, वायरलेस कनेक्टिविटी जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।

इंजन विकल्प में मिल सकती है हाइब्रिड टेक्नोलॉजी
ग्लोबल मार्केट में नई हुंडई i20 को पेट्रोल और माइल्ड हाइब्रिड पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ पेश किया जा सकता है। वहीं चर्चा यह भी है कि कंपनी इसके इलेक्ट्रिक वर्जन पर भी काम कर रही है। हालांकि भारतीय बाजार में कंपनी मौजूदा इंजन विकल्पों को जारी रख सकती है। इसमें 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल हो सकते हैं। टर्बो इंजन खासतौर पर उन ग्राहकों को पसंद आ सकता है जो स्पोर्टी ड्राइविंग का अनुभव चाहते हैं।
भारत में जल्द हो सकती है एंट्री
नई हुंडई i20 को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि ग्लोबल लॉन्च के कुछ समय बाद कंपनी इसे भारतीय बाजार में भी उतार सकती है। भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद इसका सीधा मुकाबला बैलेनो, टाटा अल्ट्रोज़ और टोयोटा ग्लैंजा जैसी प्रीमियम हैचबैक कारों से होगा। नई डिजाइन और एडवांस फीचर्स के दम पर हुंडई एक बार फिर इस सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 8 लाख से 14 लाख रुपए के बीच होने की उम्मीद है।






