Lucknow City

JPNIC में 3 साल बाद अखिलेश की एंट्री: योगी सरकार पर तीखा हमला, बोले- 2027 में जनता करेगी सत्ता परिवर्तन

जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग पर भी लगाए गंभीर आरोप, बोले- ‘वोट चोरी’ सब समझ गए, लखनऊ में बाढ़ और रिवरफ्रंट के मुद्दे पर मुख्यमंत्री को घेरा

लखनऊ, 11 अक्टूबर 2026:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। करीब तीन साल बाद जेपीएनआईसी में माल्यार्पण करने पहुंचे अखिलेश ने इस मौके को योगी सरकार और चुनाव आयोग पर सियासी हमले का मंच बना दिया। उन्होंने सरकार पर संस्थानों को बेचने, अन्याय करने और चुनाव में वोट चोरी कराने के आरोप लगाए। इसके साथ ही दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने जा रही है।

पुलिस की मौजूदगी में JPNIC पहुंचे अखिलेश

अखिलेश यादव के जेपीएनआईसी जाने के ऐलान के बाद शुक्रवार रात से ही केंद्र के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे अखिलेश कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे तो मौके पर पुलिसकर्मियों की संख्या कम थी और बैरिकेडिंग भी हटी हुई थी। पुलिस ने गेट खोल दिया। इसके बाद अखिलेश अंदर चले गए।

कुछ कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश हुई लेकिन वे भी परिसर में पहुंच गए। अखिलेश ने जेपी की प्रतिमा पर माला पहनाई और गुलाब के फूल चढ़ाए। इससे पहले 2023 में अखिलेश यादव आठ फीट ऊंचा गेट फांदकर जेपीएनआईसी पहुंचे थे। वहीं, 2024 और 2025 में प्रशासन ने उन्हें परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी थी।

ये भी पढ़ें:

akhilesh-yadav-jpnic-visit-yogi-government-2027-power-change (2)

Advertisement

‘सरकार के लोग सब बेचना चाहते हैं’

माल्यार्पण के बाद सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार के लोग सब कुछ बेचना चाहते हैं। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर इसे कितने रुपये में बेचा गया होगा। अखिलेश ने दावा किया कि बदलाव शुरू हो चुका है और 2027 में जनता भाजपा को हराने जा रही है। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण दबे-कुचले लोगों के लिए खड़े रहे और उनकी संपूर्ण क्रांति ने तत्कालीन सरकार को हिलाकर रख दिया था। जेपी ने महंगाई और प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाई तथा आर्थिक समानता और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की बेईमानी जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना है, लेकिन आरोप है कि इसके उलट वोट न पड़ने देने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ कराने का आरोप भी लगाया।

जेपीएनआईसी का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि ठेकेदारों को भुगतान करके उन्हें अपने साथ क्यों लिया गया। उन्होंने केंद्र की पार्किंग क्षमता और हेलीपैड का उल्लेख करते हुए इसकी उपयोगिता पर भी सवाल उठाए।

बाढ़ और रिवरफ्रंट पर मुख्यमंत्री को घेरा

लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि बैराज के गेट बंद रखने से फैजुल्लागंज डूबा और गेट खोलने के बाद रिवरफ्रंट तक पानी पहुंच गया। उन्होंने नगर निगम, एलडीए और सिंचाई विभाग के बीच समन्वय की कमी का आरोप लगाया। तंज कसते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री ही नाले और पुल डिजाइन करेंगे, तो व्यवस्था का क्या होगा?

‘हमारे पवन की हवा में अहंकारी लोग उड़ जाएंगे’

सीएम के अयोध्या से लड़ने के ऑफर पर सपा प्रमुख ने कहा कि हमारे पवन (पवन पांडेय) की हवा में अहंकारी लोग उड़ जाएंगे। हाता नहीं भाता ये तो पता ही होगा आपको। भाजपा में टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नेताओं को अपने और अपने समर्थकों के टिकट के लिए भी लाइन में लगना पड़ता है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ के अखाड़े में गूंजी ललकार, 200 पहलवान आमने-सामने, 139 साल पुराने दंगल में दमखम का घमासान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link