
लखनऊ, 30 अगस्त 2026:
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई और सरकारी संपत्तियों की बिक्री को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने मेरठ के किसान नेताओं मोहित जाटव और दिग्विजय भाटी के साथ मारपीट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर प्रदेश में कानून का राज होता तो संबंधित आईपीएस अधिकारी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हो गया होता। उन्होंने कहा, ‘पुलिस का एक ही फॉर्मूला चल रहा है- हथेली गरम, पुलिस नरम।’
अखिलेश ने आरोप लगाया कि किसान नेताओं को पीटने के बाद उन्हें कथित तौर पर एनकाउंटर की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को नौकरी नहीं करने देनी चाहिए और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। दोनों किसान नेताओं ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी कथित आपबीती सुनाई। दिग्विजय ने आरोप लगाया कि उन्हें और मोहित को केबिन में ले जाकर हाथ-पैर और कोहनी से पीटा गया तथा पानी मांगने पर बोतल का ढक्कन मुंह में लगाया गया। दोनों ने दावा किया कि विधायक अतुल प्रधान के पहुंचने के बाद उनकी जान बची। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अखिलेश यादव बोले- बुलडोजर कहां है?
शामली के हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे प्रदेशों के माफिया यूपी में आकर गोलियां चला रहे हैं और सवाल उठाया कि सरकार का बुलडोजर आखिर कहां है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
सपा प्रमुख ने सरकारी संपत्तियों और परियोजनाओं को लेकर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट, लखनऊ की छतर मंजिल, प्लासियो मॉल और जेपीएनआईसी का जिक्र करते हुए सरकार पर संपत्तियां बेचने का आरोप लगाया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के रखरखाव और गड्ढों को लेकर भी उन्होंने सरकार को निशाने पर लिया।
एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने बुंदेलखंड, पूर्वांचल और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार के मॉडल ‘जेब भरने वाले’ हैं। विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे के मेंटेनेंस पर 1,500 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद जगह-जगह गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने तत्कालीन जिम्मेदार मंत्री पर भी तीखा हमला बोला और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, हालांकि इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने इस मौके पर दस्तावेज पेश नहीं किए।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता – 30/08/2026 https://t.co/wv6U2WkiCO
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 30, 2026
26 हजार स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश ने शिक्षा, परिवहन, सिंचाई और ग्रामीण विकास के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर 26 हजार स्कूल दोबारा शुरू कराए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण ईमानदार अधिकारी काम नहीं करना चाहते। कई अधिकारियों के रिटायरमेंट के लिए आवेदन करने का भी उन्होंने दावा किया।
तीन महीने में जातीय जनगणना का वादा
सपा प्रमुख ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने भाजपा को ‘बड़े धन्नासेठों की पार्टी’ बताते हुए गन्ने, एथेनॉल और चीनी की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार के एक लाख नौकरियों के दावे को चुनाव नजदीक आने से जोड़कर देखा जा रहा है।






