Lucknow CityUttar Pradesh

पीछे के घर से आई कटी पतंग… अखिलेश यादव के पोस्ट ने फिर छेड़ा चाइनीज मांझे का मुद्दा

सपा मुखिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा कर दिखाई कटी पतंग, लखनऊ में एक युवक की मौत के बाद चाइनीज मांझे बना चर्चा का विषय, सरकार ने दिए हैं कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 7 फरवरी 2026:

यूपी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चाइनीज मांझे को लेकर चिंता जताते हुए शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने एक कटी पतंग दिखाई, जो पीछे के घर से आकर गिरी थी और उसमें चाइनीज मांझा लगा हुआ प्रतीत हो रहा है। अखिलेश यादव ने इशारों में सवाल उठाया कि प्रतिबंध के बावजूद खतरनाक मांझा आखिर कैसे लोगों तक पहुंच रहा है।

अखिलेश की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में लखनऊ में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद योगी सरकार ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब चाइनीज मांझे से किसी भी व्यक्ति की मौत होने पर उसे सामान्य हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला माना जाएगा और उसी के तहत एफआईआर दर्ज होगी।

सीएम योगी ने इस मुद्दे पर कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर अपराध हैं। उन्होंने साफ किया कि यदि इस कारण कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर पुलिस और प्रशासन की होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।

सीएम ने चाइनीज मांझे के उत्पादन, बिक्री और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी जिलों में थोक विक्रेताओं, गोदामों, परिवहन साधनों और ऑनलाइन सप्लायर्स की सघन जांच शुरू कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या भंडारण न हो पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button