न्यूज डेस्क, 3 जून 2026:
बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित लोकप्रिय शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान’ द्वारा संचालित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर में मंगलवार रात तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कोचिंग सेंटर में घुस गए और गार्ड पर हमला कर दिया। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर खान सर रात करीब 11:30 बजे कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व कोचिंग सेंटर में घुस आए और गार्ड पर हमला किया। पहले सेंटर पर फायरिंग की खबरें आई थीं लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि यह तोड़फोड़ का मामला था और कोई गोली नहीं चलाई गई थी। हमले में कोचिंग सेंटर के अंदर की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
खान सर ने बताया कि उनके कोचिंग सेंटर के हजारों छात्र हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित हुए हैं। सफल छात्रों के लिए एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि समारोह के बाद कुछ लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे और धमकी दी कि दो दिनों के भीतर इसे उड़ा दिया जाएगा।
खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ कोचिंग संचालक उनके कोचिंग सेंटर का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि यहां सस्ती शिक्षा उपलब्ध है। बता दे कि खान सर अपनी ऑनलाइन क्लासेज यूट्यूब के माध्यम से एवं ऑफलाइन क्लासेज खान ग्लोबल स्टडीज जोकि एक कोचिंग सेंटर है, उसके माध्यम से चलाते हैं
हमले के बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। दरअसल खान सर की कोचिंग के बगल में ज्ञान बिंदु कोचिंग है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर खान सर का बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह का पोस्टर लगाया गया था। उसी पोस्टर को लेकर विवाद शुरू हुआ और बाद में मामला बढ़ गया।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया। जहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मुझे फंसाने और ज्ञान बिंदु कोचिंग को बर्बाद करने के लिए ये सब खान सर की साजिश है।
घटना के बाद कोचिंग प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी। वहीं घायल गार्ड ने कुछ आरोपियों की पहचान करने का दावा किया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि कुछ छात्र मारपीट और पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल थे।






