लखनऊ, 19 मई 2026:
गरीबों और जरूरतमंदों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत प्रदेश में अब तक 50 लाख 40 हजार 937 आयुष्मान कार्डधारक मरीजों ने 91 लाख 87 हजार 418 बार उपचार कराया है।
इन मरीजों के इलाज के लिए 15 हजार 140 करोड़ रुपये से अधिक के दावे प्रस्तुत किए गए। इनमें से 13 हजार 315 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इससे स्पष्ट है कि सरकार गरीबों को मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
साचीज की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि प्रदेश में सबसे अधिक भुगतान बरेली जिले के लाभार्थियों के इलाज पर किया गया है। जिले में 1 लाख 83 हजार 714 आयुष्मान कार्डधारकों ने योजना का लाभ लिया और 3 लाख 72 हजार 319 उपचार दावे दर्ज किए गए। इन दावों के लिए 682 करोड़ 99 लाख 77 हजार 778 रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जबकि 620 करोड़ 81 लाख 64 हजार 359 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर है।
वहीं गोरखपुर दूसरे स्थान पर रहा। यहां 1 लाख 71 हजार 492 लाभार्थियों ने योजना के तहत उपचार कराया और 3 लाख 59 हजार 529 दावे दर्ज किए गए। इनके लिए 591 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत हुई, जबकि 539 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।
मुरादाबाद तीसरे स्थान पर रहा। जिले में 1 लाख 29 हजार 1 लाभार्थियों ने आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराया। यहां 2 लाख 57 हजार 480 दावे दर्ज हुए। इनके लिए 519 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक का दावा किया गया और 459 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। बिजनौर, सहारनपुर, वाराणसी, बुलंदशहर, मेरठ, लखनऊ और कानपुर नगर के आयुष्मान कार्डधारकों ने भी बड़ी संख्या में योजना का लाभ उठाया।
बिजनौर में 486 करोड़ रुपये से अधिक, सहारनपुर में 463 करोड़ रुपये से अधिक और वाराणसी में 449 करोड़ रुपये से अधिक के उपचार दावे दर्ज किए गए। फिलहाल आज प्रदेश के गरीबों को बड़े अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। आयुष्मान योजना उनके लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है।






