Barabanki City

चाय के शौकीन हो जाएं सावधान! बाजार में बिक रही नकली चाय की पत्ती, बाराबंकी में भंडाफोड़

STF-FSDA टीम ने बड्डूपुर क्षेत्र में छापा मारकर रंगी हुई चाय की पत्ती, मिलावटी रंग और पैकिंग मैटेरियल किया बरामद, नमूना लेने के बाद किया सीज, फास्ट टी व गार्डेन फ्रेश के नाम से पैक कर बेची जाती थी

संदीप वर्मा

बाराबंकी, 5 जुलाई 2026ः

अगर आप चाय के शौकीन है तो थोड़ा सतर्क रहिए। जो चाय आप पीते हैं, वह आपकी सेहत भी बिगाड़ सकती है। क्योंकि आजकल बाजार में नकली चाय की पत्ती भी बिक रही है। इसका खुलासा बाराबंकी के बड्डूपुर क्षेत्र में हुआ है। यहां एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापा मारकर नकली चाय की पत्ती का भंडाफोड़ किया है। टीम ने रंगी हुई चाय की पत्ती, मिलावटी रंग और पैकिंग मैटेरियल बरामद किया। टीम ने नमूना लेने के बाद चाय की पत्ती को सीज कर दिया। नकली चाय की पत्ती फास्ट टी और गार्डेन फ्रेश के नाम से पैक कर बेची जाती थी।

एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जानकारी मिली कि बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में नकली चाय की पत्ती का कारोबार हो रहा है। इसके बाद दोनों टीमों ने छापा मारा। टीम ने मौके से ग्राम शाहपुर निवासी शकील को पकड़ा। उसने बताया कि यह कारोबार वही कर रहा था। टीम ने चेकिंग के दौरान लगभग 800 किलो रंगी हुई चाय की पत्ती, 5 किलो रंग और 15 किलो पैकिंग मैटेरियल बरामद किया। रंगी हुई चाय की पत्ती फास्ट टी और गार्डेन फ्रेश के नाम से पैक कर बेची जाती थी। चाय की पत्ती व मिलावटी रंग का नमूना लेकर शेष चाय की पत्ती जिसकी कीमत लगभग 1,60,000 रुपये थी, सीज कर दिया गया।
barabanki-stf-fsda-raid-fake-tea-leaf-factory-busted-shakil-arrested

टीम ने पैकिंग में प्रयोग होने वाले उपकरण जैसे इलेक्ट्रॉनिक मशीन व सीलिंग मशीन को भी सील कर दिया। शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पल्लवी तिवारी व अर्शी फारूकी ने अयोध्या-लखनऊ रोड पर स्थित महेश रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए पिसी लाल मिर्च का नमूना लिया। परिसर में मिली कमियों को दूर करने के लिए नोटिस दिया गया है। नोटिस का अनुपालन न करने की स्थिति में लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button