Lucknow CityUttar Pradesh

होली से पहले हो जाएं अलर्ट! लखनऊ में मिलावट का बड़ा खेल उजागर… 750 लीटर नकली सरसों तेल जब्त

बुद्धेश्वर इलाके में एक जनरल स्टोर पर बरामद हुआ मिलावटी तेल, चावल की भूसी के तेल में प्रतिबंधित रंग और सुगंधित पदार्थ मिलाकर उसे शुद्ध सरसों के तेल के नाम पर जा रहा था बेचा

लखनऊ, 22 फरवरी 2026:

होली नजदीक आने के साथ खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी बढ़ गई है। त्योहारों की मिठास को जहरीला बनाने वाली इसी साजिश पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में चलाए गए अभियान में एक जनरल स्टोर पर बड़ी कार्रवाई की गई।

टीम ने स्टोर से करीब 750 लीटर मिलावटी तेल बरामद कर जब्त किया। जांच में सामने आया कि चावल की भूसी के तेल में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग और सुगंधित पदार्थ मिलाकर उसे शुद्ध सरसों के तेल के नाम पर बेचा जा रहा था। मौके से 600 लीटर चावल की भूसी का तेल और 150 लीटर मिलावटी सरसों तेल पकड़ा गया। साथ ही रंग और खुशबू के लिए मिलाए जाने वाले रसायन भी जब्त किए गए।

स्टोर में बड़े पैमाने पर नकली सरसों का तेल तैयार किया जा रहा था। सभी नमूने राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नियमों के उल्लंघन व जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने के आरोप में दुकान संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह के अनुसार खाद्य आयुक्त और डीएम के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो सके।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-22 at 12.41.15 PM

खाद्य विशेषज्ञों का कहना है कि मिलावटी तेल को आम उपभोक्ता पहचान नहीं पाता। इसके लिए केमिकल जांच जरूरी होती है। ऐसे में खरीदारी करते वक्त बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। पैकिंग पर ब्रांड, बैच नंबर, लाइसेंस नंबर जरूर देखें और खुला तेल खरीदने से बचें। रंग, गंध या स्वाद में जरा भी संदेह हो तो तुरंत शिकायत करें।

मिलावट की आशंका हो तो टोल-फ्री नंबर पर करें शिकायत

खाद्य अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका हो तो विभाग के टोल-फ्री नंबर 18001805533 पर सूचना दें। क्षेत्र में खाद्य सचल वैन के आने पर मौके पर ही जांच कराई जा सकती है। त्योहारों की खुशियां तभी सुरक्षित रहेंगी जब मिलावटखोरों के खिलाफ सतर्क रहेंगे।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : मोहनलालगंज तहसील में ‘सर्वर संकट’ बना सिरदर्द, अव्यवस्था से जूझते सैकड़ों लोग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button