Uttar Pradesh

टेक्नोलॉजी अपनाओ, भविष्य बनाओ… युवाओं के नाम CM योगी की खास पाती

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर बड़ा संदेश, ‘योगी की पाती’ में पोखरण से ब्रह्मोस तक का जिक्र, कहा- तकनीक के साथ नहीं चले तो समय से पिछड़ जाएंगे

लखनऊ, 11 मई 2026:

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखकर तकनीक, आत्मनिर्भरता और युवा शक्ति को लेकर बड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि तकनीक अब केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है बल्कि यह देश और समाज की ताकत बन चुकी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर यूपी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

सीएम योगी ने अपने संदेश की शुरुआत वर्ष 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों से की। उन्होंने कहा कि 11 मई का दिन भारत की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी आत्मविश्वास और राष्ट्रीय सामर्थ्य का प्रतीक है। इसी दिन ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत भारत ने सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई थी। इसके साथ ही स्वदेशी विमान ‘हंस-3’ और ‘त्रिशूल’ मिसाइल के सफल परीक्षणों का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे भारत के तकनीकी स्वाभिमान का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक ने जनजीवन को पूरी तरह बदल दिया है। डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में धनराशि भेजी जा रही है। ऑनलाइन स्व-गणना जैसी सुविधाएं आम जनता तक पहुंच रही हैं। शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सपूत शुभांशु शुक्ला की सफल अंतरिक्ष उड़ान का जिक्र करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। रोबोटिक्स और एआई मिशन शुरू किए गए हैं। डेटा सेंटर क्लस्टर तेजी से विकसित हो रहे हैं। ‘टेक युवा-समर्थ युवा’ योजना के जरिए आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड के विजन पर काम कर रही है। ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन तथा मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में यूपी को देश की ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक समय की तरह है, जो इसके साथ नहीं चलेगा वह पीछे छूट जाएगा। उन्होंने युवाओं से नवीनतम तकनीक सीखने, नवाचार अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  चेन्नई : 21 वर्षीय NEET अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, विपक्ष ने सरकार को घेरा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button