Barabanki City

मुठभेड़ में गौकशी का इनामी आरोपी गिरफ्तार…पैर में लगी गोली, लंबे समय से दे रहा था चकमा

मसौली इलाके में देर रात स्वाट व पुलिस टीम की कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी गौकशी के ताजा मामले में भी नाम आया था, धरौली मोड़ के पास घेराबंदी में पकड़ा गया

बाराबंकी, 23 मार्च 2026 :

बाराबंकी के मसौली इलाके में देर रात स्वाट टीम और थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया।

पकड़ा गया आरोपी उस्मान उर्फ कलेजी है, जो बांसा गांव का रहने वाला है। उस पर जिले के अलग-अलग थानों में करीब 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल में हुई गौकशी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।

पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी इलाके में घूम रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। इसी सूचना पर स्वाट टीम और मसौली पुलिस इलाके में चेकिंग कर रही थी। धरौली मोड़ के पास जकरिया की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई तो वह भागने लगा।

घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे पकड़ लिया गया।।पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मसौली और सफदरगंज थानों में गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।

 

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button