Uttarakhand

कैप्टन अजय पंत केस में UK तक सक्रिय धामी, Indian High Commission की हर अपडेट पर नजर

लंदन की जेल में बंद उत्तराखंड के कैप्टन अजय पंत से भारतीय उच्चायोग ने किया संपर्क, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर High Commission लगातार कर रहा मॉनिटरिंग 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई, परिवार और कानूनी टीम के संपर्क में भी है भारतीय मिशन

देहरादून, 25 जून 2026:

यूनाइटेड किंगडम में हिरासत में लिए गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारतीय उच्चायोग लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग इस पूरे प्रकरण की नियमित निगरानी कर रहा है और समय-समय पर राज्य सरकार को स्थिति से अवगत करा रहा है।

उच्चायोग की ओर से मुख्यमंत्री को भेजी गई जानकारी के मुताबिक कैप्टन अजय पंत इस समय एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून को भारतीय उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के जरिए उनसे बातचीत की थी। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने खुद को स्वस्थ बताया। उन्होंने कहा कि जेल में उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं और वह अपनी पत्नी के साथ भी नियमित संपर्क में हैं।

भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी उठाया है। इसका मकसद कैप्टन पंत को समय पर कांसुलर सहायता उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।

उच्चायोग लगातार कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के संपर्क में भी है। कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता देने और उनके परिवार को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

जानकारी के अनुसार अदालत में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को तय की गई है। भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आगे भी हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्य सरकार भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम करते हुए कैप्टन पंत को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button