
लखनऊ, 14 अगस्त 2026:
यूपी की सियासत में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के उस बयान को लेकर घमासान तेज हो गया है जिसमें उन्होंने सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की बात कही थी। भाजपा के बाद अब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है।
राजभर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश से कहा, ‘मित्र अखिलेश यादव जी! जरा अपने चच्चू को संभालिए, नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में आने नहीं देंगे।’ उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव मुकदमे वापस लेने और आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कहकर तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं।
सुभासपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि सजायाफ्ता आजम खान को गृह मंत्री कैसे बनाया जाएगा? एक अपराधी चुनाव कैसे लड़ेगा और मंत्री कैसे बनेगा? उन्होंने सपा के कथित पीडीए फॉर्मूले पर भी तीखा तंज कसा और शिवपाल यादव पर गंभीर आरोप लगाए।
अपने बयान में राजभर ने अखिलेश यादव को ‘विभीषण की कहानी’ पढ़ने की सलाह देते हुए राजनीतिक हमला और तेज कर दिया। उन्होंने यहां तक कहा कि उनके कार्यालय में गुंडा भेजे जाने की घटना में भी जांच के बाद चाचा की भूमिका सामने आ सकती है। राजभर ने तंज कसा कि कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और जरिया विभीषण ही बनेगा।

इससे पहले भाजपा नेता और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शिवपाल के बयान पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने वाली नहीं है लेकिन मुस्लिम वोटबैंक को साधने के लिए शिवपाल यादव तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।
शिवपाल के बयान के बाद अब भाजपा और उसके सहयोगी दलों के लगातार हमलों से सपा के सामने राजनीतिक और कानूनी दोनों मोर्चों पर जवाब देने की चुनौती बढ़ती दिख रही है।






