Lucknow CityUttar Pradesh

मोदी सरकार के 12 वर्ष : UP में विकास, विश्वास व सुशासन का महोत्सव, लखनऊ से वाराणसी तक भव्य आयोजन

मुख्यमंत्री योगी कल लखनऊ और वाराणसी में आयोजित कार्यक्रमों करेंगे शिरकत, लोकभवन में प्रदर्शनी व मीडिया संवाद, 45 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

लखनऊ, 11 जून 2026:

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को यूपी में विकास, विश्वास और जनकल्याण का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। योगी सरकार पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मोदी सरकार की उपलब्धियों और सुशासन की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर सीएम योगी लखनऊ और वाराणसी में आयोजित प्रमुख समारोहों में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम योगी मीडिया संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के जनकल्याणकारी कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार और सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत को मिले सम्मान पर जानकारी देंगे। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करती विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसका उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे।

लोकभवन में आयोजित समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहेंगे। साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी अपना दल (एस), निषाद पार्टी, सुभासपा और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख नेता एवं मंत्री भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

मुख्य आयोजन से पहले सीएम योगी अपने सरकारी आवास से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर हरित परिवहन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वे नोएडा में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 110 प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों में से प्रथम चरण की 45 बसों का फ्लैग ऑफ करेंगे। इसके साथ ही नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ होगा।

मुख्यमंत्री शाम को पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में आयोजित कार्यक्रम में वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर शहरी आजीविका मिशन, उद्योग विभाग तथा अन्य विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल लगाए जाएंगे। ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ समेत स्थानीय उत्पादों और योजनाओं की झलक भी यहां देखने को मिलेगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button