CJP Protest: ध्रुव राठी हिरासत में, फ्लाइट में घेरे गए अभिजीत दीपके, समर्थकों पर पुलिस का शिकंजा
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा का अभूतपूर्व पहरा, 500 से अधिक समर्थक हिरासत में, बैरिकेडिंग, सड़कों पर कीलें और आवाजाही पर सख्ती के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR के खिलाफ सियासी टकराव तेज

न्यूज डेस्क, 10 अक्टूबर 2026:
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 500 से अधिक समर्थकों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है। वहीं, जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया, जबकि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई से दिल्ली पहुंचने पर विमान के भीतर ही पुलिस ने घेर लिया। प्रदर्शन से पहले हुई इन कार्रवाइयों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के जरिए वोट चोरी की जा रही है। पार्टी ने इसे निष्पक्ष चुनाव की लड़ाई बताते हुए प्रदर्शन को अपना लोकतांत्रिक अधिकार करार दिया है।

ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में लेने का दावा
प्रदर्शन के आह्वान के बीच पुलिस ने शनिवार सुबह ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया। उनके एक करीबी और गुरुग्राम पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने की पुष्टि किए जाने की बात सामने आई है। इससे पहले शुक्रवार देर शाम ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट की थी। वीडियो में वह इंडिया गेट के सामने नजर आए।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को देखते हुए मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया। कई ट्रेनें और बसें रद्द की गईं तथा दिल्ली में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदर्शन में भीड़ जुटने की संभावना को खारिज किया जा रहा है, तो फिर इतनी सख्ती क्यों बरती जा रही है? ध्रुव राठी ने इसे सरकार की घबराहट से जोड़ते हुए कहा कि जनता जाग चुकी है।

विमान के भीतर अभिजीत दीपके की घेराबंदी
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे। उनके प्रदर्शन में पहुंचने से पहले ही उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस के विमान के भीतर पहुंचकर घेराबंदी करने की जानकारी सामने आई। दीपके ने इससे पहले मीडिया से बातचीत में कहा था कि गिरफ्तारी होने के बावजूद निष्पक्ष चुनाव के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन से पहले मेट्रो, रेल और सड़क यातायात पर सख्ती की जरूरत क्यों पड़ी। दीपके ने आरोप लगाया कि लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है और सरकार को असहमति की आवाज सुननी चाहिए।

जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। सड़कों पर कीलें लगाए जाने और कई स्थानों पर पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की भी जानकारी है। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जुट रहे लोगों को हिरासत में लिया है।
CJP की मांगों और पुलिस की कार्रवाई के बीच अब सबकी निगाहें प्रस्तावित प्रदर्शन पर टिकी हैं। संगठन इसे निष्पक्ष चुनाव की लड़ाई बता रहा है जबकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते राजधानी में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।






