Lucknow CityUttar Pradesh

मौसम बदलने पर सीएम गंभीर, टोल फ्री नंबर जारी, कहा…नुकसान का आकलन कर राहत दें अफसर

प्रदेश में अचानक हुई बारिश, सीएम ने किसानों को राहत पहुंचाने के लिए अफसरों से फील्ड में उतरने और समय पर मुआवजा देने के निर्देश दिए

लखनऊ, 27 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश में हुई अचानक बारिश से कई जिलों की फसल प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत फील्ड में जाकर फसल नुकसान का आकलन करें और प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाएं। वहीं किसान अपनी फसल को हुए नुकसान की जानकारी दे सकें इसके लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे करने और वास्तविक स्थिति से शासन को अवगत कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही फसल नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने और भुगतान समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित किसानों को किसी तरह की असुविधा न होने देने का निर्देश दिया गया है। प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी फील्ड स्तर पर अधिकारियों से सीधे समन्वय बनाने और सूचनाओं को समय पर शासन तक पहुँचाने को कहा गया है।

किसान टोल-फ्री नंबर पर दे सकते हैं फसल में नुकसान की जानकारी

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सूचना देने और मदद पाने के लिए अलग-अलग डिजिटल विकल्प दिए गए हैं। किसान अब टोल-फ्री नंबर 14447 पर फसल नुकसान की तुरंत सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा ‘क्राप-इन्श्योरेन्स ऐप’ और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 से भी जानकारी साझा की जा सकती है।

किसान फसल बीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी https://pmfby.gov.in⁠ पोर्टल पर लॉग-इन कर देख सकते हैं। अगर किसी किसान को बीमा प्रक्रिया में समस्या आती है तो वे अपने जनपद के उप कृषि निदेशक या जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से भी सीधे मदद ली जा सकती है। सरकार का कहना है कि ये सभी उपाय इसलिए उपलब्ध कराए गए हैं ताकि बारिश से प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके और बीमा प्रक्रियाएं सरल हों।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button