UP : मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को गाजीपुर पुलिस ने पकड़ा, फर्जी दस्तावेज मामले में एक्शन

लखनऊ, 4 अगस्त 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार रात उस समय हलचल मच गई जब गाजीपुर पुलिस ने विधानसभा के पास स्थित विधायक निवास दारुलशफा से उमर अंसारी को हिरासत में ले लिया। उमर, माफिया से राजनेता बने स्वर्गीय मुख्तार अंसारी का छोटा बेटा है। वह गिरफ्तारी के समय अपने बड़े भाई एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से विधायक रहे अब्बास अंसारी के आवास पर मौजूद था। पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ गाजीपुर ले गई।
पुलिस के अनुसार गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्त की गई संपत्ति को अदालत से मुक्त कराने के लिए दाखिल एक याचिका में फर्जीवाड़ा सामने आया है। जांच में यह पता चला है कि उमर अंसारी ने गलत तरीके से लाभ पाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे, जिनमें उसकी मां अफ्शां अंसारी के जाली हस्ताक्षर शामिल थे। अफ्शां अंसारी पहले से ही फरार चल रही हैं। उनके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
गाजीपुर के मुहम्मदाबाद थाने में इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अदालत को गुमराह करने की कोशिश की गई थी। इस मामले में रविवार रात को उमर अंसारी को लखनऊ से हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी के परिवार पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके दोनों बेटों अब्बास अंसारी और उमर अंसारी पर आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मुख्तार की पत्नी अफ्शां अंसारी पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह अभी तक फरार हैं।






